October 5, 2026

राज्यसभा प्रत्याशियों के नामों के ऐलान से ठीक पहले योगी से मिलेंगे बीएल संतोष, आज एक और समन्वय बैठक

भाजपा के राष्ट्रीय संगठन महासचिव बीएल संतोष सोमवार को लखनऊ पहुंचेंगे। सुल्तानपुर में काशी क्षेत्र की भाजपा-संघ समन्वय बैठक से पहले लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मिलेंगे। भाजपा के राज्यसभा उम्मीदवारों की आधिकारिक घोषणा से ठीक पहले हो रही इस मुलाकात को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। भाजपा ने अभी तक अपने राज्यसभा प्रत्याशियों का ऐलान नहीं किया है। छह अक्तूबर यानी कल नामांकन का अंतिम दिन है। ऐसे में माना जा रहा है कि आज नामों का ऐलान किसी भी वक्त हो सकता है।

यूपी में दस सीटों पर राज्यसभा चुनाव हो रहा है। इसमें सात सीटों पर भाजपा और दो सीटों पर सपा की जीत तय मानी जा रही है। भाजपा आठवीं सीट और सपा तीसरी सीट के लिए दावेदारी की तैयारी में हैं। ऐसे में विधानसभा चुनाव से ठीक पहले राज्यसभा का यह चुनाव दोनों दलों के लिए शक्ति प्रदर्शन का मौका भी है। दोनों तरफ से क्रास वोटिंग की चर्चाएं आम हैं। पिछले राज्यसभा चुनाव में मिले झटके के बाद सपा अब पलटवार की तैयारी में भी जुटी है।

लखनऊ में सीएम योगी से मुलाकात के बाद बीएल संतोष सुल्तानपुर के लिए रवाना हो जाएंगे, जहां वह काशी क्षेत्र में संघ और भाजपा की समन्वय बैठक में हिस्सा लेंगे। यह बैठक अवध क्षेत्र की समन्वय बैठक के बाद ही होनी थी, लेकिन कुछ वजहों से उस वक्त इसे टालना पड़ा था। बैठक में भाजपा की तरफ से यूपी अध्यक्ष पंकज चौधरी और संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह भी शामिल होंगे। वहीं संघ की तरह से सह सरकार्यवाह अरुण कुमार हिस्सा लेंगे।

यूपी में अगले साल होने वाला विधानसभा चुनाव कैसे जीता जाए, क्या रणनीति हो, हमारा सकारात्मक पहलू क्या है, कमजोरी कहां-कहां पर है, किन चीजों को ठीक करने की जरूरत है, इन बातों पर बीएल संतोष का पिछली समन्वय बैठकों में जोर रहा है। वह लगातार पार्टी पदाधिकारियों से फीडबैक ले रहे हैं। सामाजिक और राजनीतिक समीकरण पर चर्चा कर रहे हैं।

भाजपा प्रदेश कार्यसमिति की बड़ी बैठक भी होने जा रही है। इसके 20 अक्तूबर के बाद आयोजित होने की संभावना है। इसमें केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह और राजनाथ सिंह शामिल हो सकते हैं। पिछली समन्वय बैठकों में राष्ट्रीय महामंत्री संगठन ने फीडबैक के आधार पर विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने और जल्द बड़ी बैठक करने की बात कही थी।

0Shares

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.