सीएम योगी का विपक्ष पर बड़ा हमला, बोले- आज दंगाइयों को सम्मानित नहीं किया जाता, दाग दिया जाता है
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उत्तर प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी की सरकार तीसरी बार बनने जा रही है। हैट्रिक ही नहीं लगेगी, यह रिकॉर्ड भी बनेगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व, भाजपा के करोड़ों समर्पित कार्यकर्ताओं की शक्ति और डबल इंजन सरकार की उपलब्धियों के दम पर पार्टी जनता के बीच जाएगी और जनता-जनार्दन का आशीर्वाद प्राप्त करेगी। एक निजी चैनल के “राइजिंग भारत समिट” में मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा पूरी दमदारी के साथ उत्तर प्रदेश में तीसरी बार पूर्ण बहुमत की प्रचंड बहुमत की सरकार बनाने में सफल होगी। किसी को कोई संदेह नहीं होना चाहिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सपा और कांग्रेस की अराजकता, उनका जंगलराज, उनका गुंडाराज, थाना, तहसील, जिला को बंधक बनाने की उनकी कुत्सित चेष्टाएं जो रही हैं, जब भी उनको मौका मिला है, इस कानून-व्यवस्था की ध्वस्त स्थिति, कर्फ्यू, दंगा, लूट-खसोट, इन सभी मुद्दों को लेकर के भारतीय जनता पार्टी अपने सहयोगियों के साथ इस चुनाव में जाएगी।
कर्फ्यू और दंगा यूपी की पहचान बन चुके थे। समाज के हर तबके के सामने पहचान का संकट खड़ा हो गया था। मुख्यमंत्री ने समाजवादी पार्टी के शासनकाल पर हमला करते हुए कहा कि योजनाओं पर ही परिवार का वर्चस्व नहीं था, बल्कि यूपी की पूरी राजनीति तुष्टीकरण की पराकाष्ठा पर चल रही थी। अपराधियों के राजनीतिकरण शब्द को तो आपने सुना होगा, लेकिन राजनीति का ही अपराधीकरण हो जाए, यह समाजवादी पार्टी की पहचान थी। वन डिस्ट्रिक्ट वन माफिया इनकी पहचान बन चुकी थी। हर थाने में इनके गुंडे कब्जा कर चुके थे। भर्ती आयोगों में भी इन्होंने अराजकता पैदा की। जो व्यक्ति चेयरमैन बनने के लिए पात्र भी नहीं था, उसको चेयरमैन बनाकर भर्ती आयोगों पर कब्जा किया गया और अपने लोगों को जबरन भर्ती करने का प्रयास हुआ। एक-एक मुन्ना भाई को ये लोग नियुक्ति पत्र देते थे, जिसने परीक्षा ही नहीं दी, उसको भी नियुक्ति पत्र प्राप्त होता था।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज दंगाइयों को सम्मानित नहीं किया जाता है, उसके दगापन का उपचार किया जाता है, उसको दाग दिया जाता है। आज किसी को सड़क पर व्यापारिक प्रतिष्ठानों को आग लगाने या किसी बेटी की इज्जत के साथ खिलवाड़ करने की छूट यूपी में नहीं है। यही उत्तर प्रदेश का नया परसेप्शन है।
