वंदे मातरम पर इस राज्य में विवाद गहराया; गृह मंत्री बोले- दे दूंगा इस्तीफा, अगर विपक्षी नेताओं ने…
कर्नाटक के गृह मंत्री और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के बेटे प्रियांक खरगे ने सरकारी कार्यक्रमों में वंदे मातरम को केवल दो छंदों तक सीमित करने के राज्य सरकार के फैसले का बचाव किया है। उन्होंने कहा कि कहा कि यह फैसला महात्मा गांधी, सुभाष चंद्र बोस और रवींद्रनाथ टैगोर जैसी प्रमुख राष्ट्रीय हस्तियों के निर्णय के अनुरूप है। प्रियांक ने इस मामले में भारतीय जनता पार्टी (BJP) और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) पर भी निशाना साधा और कहा कि उनकी पार्टी (कांग्रेस) और (राज्य की कांग्रेस) सरकार को उनसे कुछ भी सीखने की जरूरत नहीं है। दरअसल, कर्नाटक सरकार के इस फैसले ने राष्ट्रीय गीत के सभी छंदों को गाने की BJP की मांग वाले विवाद को और बढ़ा दिया है।
उन्होंने संवाददाताओं से कहा, ”क्या हमें उन लोगों से देशभक्ति का पाठ सीखने की जरूरत है, जिन्होंने अंग्रेजों से 60 रुपये की पेंशन ली थी? देश की आजादी में उनका क्या योगदान है? हमारा फैसला उन लोगों के फैसले के मुताबिक है, जिन्होंने इस देश के लिए लड़ाई लड़ी और अपनी जान दी। हमें भाजपा या आरएसएस से कुछ भी सीखने की जरूरत नहीं है।” कर्नाटक की कांग्रेस सरकार ने आदेश दिया है कि उसके कार्यक्रमों में वंदे मातरम् के केवल पहले दो अंतरों का ही गायन किया जाए, सिवाय उन कार्यक्रमों के जिनमें राष्ट्रपति, उपराष्ट्रपति, प्रधानमंत्री या राज्यपाल शामिल हों। कर्नाटक में विपक्षी भाजपा ने कांग्रेस सरकार पर तीखा हमला करते हुए इस फैसले को ”तुष्टीकरण की राजनीति” करार दिया है।
इस बीच, मंगलवार को कर्नाटक हाई कोर्ट में एक जनहित याचिका (PIL) दायर की गई है, जिसमें राज्य सरकार के उस आदेश को चुनौती दी गई है जिसमें कहा गया था कि राज्य सरकार के कार्यक्रमों में वंदे मातरम के केवल पहले दो छंद ही गाए जाएं। वकील गिरीश भारद्वाज द्वारा दायर याचिका में कहा गया है कि यह निर्देश केंद्र सरकार द्वारा जारी निर्देशों के विपरीत है। याचिका के अनुसार, गृह मंत्रालय ने 9 जुलाई, 2026 के एक पत्र के माध्यम से सभी राज्यों को राष्ट्रीय गीत से संबंधित आदेश “सख्ती से पालन” करने के लिए भेजे थे। याचिकाकर्ता ने कहा कि केंद्र सरकार के निर्देशों के अनुसार, ‘वंदे मातरम’ का आधिकारिक रूप छह छंदों वाली पूरी रचना है और सामूहिक गायन के दौरान इसी आधिकारिक रूप को गाने की ज़रूरत है। उन्होंने यह भी तर्क दिया कि कर्नाटक सरकार का आदेश राष्ट्रीय गीत के उस रूप के खिलाफ है जिसे केंद्र सरकार ने तय किया है। याचिकाकर्ता ने इस आदेश को रद्द करने की मांग की है।
बता दें कि जनवरी में, केंद्रीय गृह मंत्रालय ने निर्देश दिया था कि जब राष्ट्रगान ‘जन-गण-मन’ और वंदे मातरम दोनों एक साथ बजाए जाएं, तो वंदे मातरम के सभी छह छंद गाए जाने चाहिए। यह निर्देश केंद्र सरकार द्वारा वंदे मातरम के 150वें वर्ष के उपलक्ष्य में जारी किया गया था। हालाँकि, कांग्रेस कार्य समिति ने 19 अगस्त को वंदे मातरम पर अपने 1937 के प्रस्ताव का पालन करने का फैसला किया है, जिसके तहत पार्टी कार्यक्रमों में राष्ट्रीय गीत के केवल दो छंद ही गाए जाएंगे।
