दिवाली से पहले 455 लेखपालों को प्रमोशन की सौगात, योगी सरकार ने बनाया राजस्व निरीक्षक
यूपी की योगी सरकार ने 400 से ज्यादा लेखपालों को दिवाली से पहले बड़ी सौगात दी है।सीएम योगी के निर्देश पर उत्तर प्रदेश राजस्व परिषद बोर्ड ने ऑनलाइन विभागीय पदोन्नति समिति (डीपीसी) की प्रक्रिया पूरी करते हुए प्रदेश के 455 लेखपालों को राजस्व निरीक्षक (कानूनगो) के पद पर प्रमोशन दे दिया है। पदोन्नत कार्मिकों की तैनाती के आदेश जल्द जारी किए जाएंगे। प्रमोशन से तहसील और क्षेत्रीय स्तर पर राजस्व कार्यों की निगरानी और पर्यवेक्षण का कार्य पहले से ज्यादा प्रभावी हो सकेगा।
उत्तर प्रदेश राजस्व परिषद बोर्ड के चेयरमैन बीएल मीणा ने बताया कि पदोन्नति की पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन माध्यम से संपन्न कराई गई। निर्धारित पात्रता मानकों और सेवा अभिलेखों के आधार पर कार्मिकों का परीक्षण किया गया। परीक्षण के बाद 455 लेखपालों को पदोन्नति के लिए उपयुक्त पाया गया। ऑनलाइन डीपीसी के माध्यम से प्रक्रिया पूरी होने से विभागीय पदोन्नति में पारदर्शिता के साथ ही समयबद्धता को भी बढ़ावा मिला है।
बता दें कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ लगातार राजस्व मामलों के त्वरित और न्यायसंगत निस्तारण के साथ प्रशासनिक प्रक्रियाओं में तकनीक के अधिकतम इस्तेमाल पर जोर दे रहे हैं। इसी क्रम में ऑनलाइन डीपीसी को कार्मिक प्रबंधन में पारदर्शिता, निष्पक्षता और तकनीक के प्रभावी इस्तेमाल की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।
