यूपी के कई जिलों में आज झमाझम बारिश की संभावना, तेज हवाएं भी चलेंगी
यूपी में अर्नब तूफान के असर से गुरुवार से शुरू हुआ बारिश का सिलसिला शुक्रवार तक जारी रहा। रुक-रुककर दोनों दिन बारिश होती रही। जिससे तापमान नीचे गिर गया और ठंड बढ़ गई। बारिश से धान की फसलों को भी काफी नुकसान हुआ। वहीं, मौसम विभाग की मानें तो आज यानी शनिवार को भी कुछ जिलों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।
गुरुवार से बिगड़े मौसम का असार दूसरे दिन भी जारी रहा। शुक्रवार को भी झमाझम बारिश हुई। वहीं, पूरे दिन आसमान में बदली छाए रहने और बूंदा-बांदी जारी रहने के साथ ही तेज ठंडी हवा ने मौसम को सर्द कर दिया। पश्चिमी यूपी में कहीं-कहीं भारी बारिश भी हुई। दोनों संभागों में कहीं-कहीं झोंकेदार हवा भी चलीं। जबकि बारिश के कारण कई किसानों की कटी फसल खलिहान में भीग गई। उधर, खेतों में कटी पड़ी धान की फसल भी खराब होने की आशंका है।
