November 29, 2026

100 से अधिक MLA, कई मंत्रियों के भी टिकट पर संकट, विजय रथ के रोड़े ढूंढ रही बीजेपी

यूपी में विजय रथ बरकरार रखने को बेताब भाजपा इन दिनों जीत की राह के रोड़े खोजने में जुटी है। पार्टी के हालिया सर्वेक्षणों में सामने आया है कि पार्टी के सौ से अधिक विधायकों की छवि काफी खराब है। इनमें कई मंत्री भी शामिल हैं। सर्वे से पता चला कि इनकी छवि न जनता में अच्छी है और न ही कार्यकर्ता इन्हें पसंद करते हैं। ऐसे में खराब छवि वाले विधायकों के साथ ही इन मंत्रियों के टिकट पर भी संकट के बादल मंडरा रहे हैं। पार्टी सूत्रों की मानें तो 2027 में बड़ी संख्या में चेहरे बदलने की तैयारी है।

चुनावी तैयारियों में जुटी भाजपा इन दिनों चौतरफा बिसात बिछाने में जुटी है। हालांकि पार्टी द्वारा कराए गए सर्वे में विधायकों और कई मंत्रियों से खासी नाराजगी है। इसमें पश्चिमी और पूर्वी यूपी के कई चेहरे शामिल हैं, जिसमें कुछ कैबिनेट तो कुछ स्वतंत्र प्रभार और राज्यमंत्री शामिल हैं। वहीं कई मंत्री ऐसे हैं, जिन्हें अपनी मौजूदा सीटों पर हार का डर भी सता रहा है, इसलिए वे सीट बदलना चाहते हैं।

जहां तक मौजूदा विधायकों और मंत्रियों के टिकट काटने का सवाल है तो यह आंकड़ा 35 से 40 फीसदी तक हो सकता है। दरअसल सर्वेक्षणों के आकलन में जुटे पार्टी नेतृत्व की सोच है कि विधायकों-मंत्रियों की एंटी इंकम्बैंसी कहीं भारी न पड़ जाए। यदि चेहरे बदल दिए जाएं तो काफी हद तक नाराजगी दूर हो सकती है। दरअसल एक बड़े वर्ग को पार्टी से नहीं बल्कि स्थानीय जनप्रतिनिधियों से दिक्कत है।

यही कारण है कि पार्टी इस बार सीटवार जातिगत गुणा-गणित को ध्यान में रखकर ही चुनावी रणनीति बना रही है। प्रत्याशी चयन में भी जिताऊ के साथ ही सामाजिक समीकरणों का भी पूरा ध्यान रखा जाएगा। पार्टी दूसरे दलों विशेष कर समाजवादी पार्टी के उम्मीदवारों पर भी नजर रखे हुए है। चंद्रशेखर- ओवैसी के गठबंधन के सामने आने के बाद प्रदेश के कई सीटों का सियासी समीकरण बदल गया है।

भारतीय जनता पार्टी का पूरा फोकस इस बार सामाजिक समीकरण साधने पर है। पार्टी ने सामाजिक ताना-बाना दुरुस्त करके 2017 के विधानसभा चुनाव में प्रचंड जीत हासिल की थी। तब एनडीए के खाते में 325 सीटें आई थीं, जिनमें से 312 सीटें अकेले भाजपा ने ही जीती थीं। 2022 और 2024 में पार्टी की सोशल इंजीनियरिंग थोड़ी गड़बड़ाई और कई जातियों में बिखराव देखने को मिला था। नतीजा यह हुआ कि 2022 में भाजपा 312 से खिसककर 255 पर आ गई थी। वहीं 2024 के लोकसभा चुनाव में भी भाजपा की सीटें 66 से घटकर 33 रह गई थीं।

ऐसे में भारतीय जनता पार्टी ने विकल्पों की खोज भी शुरू कर दी है। हारी हुई सीटों में से भी पार्टी का उन सीटों पर फोकस है जहां वो दूसरे नंबर पर रही या हार-जीत का अंतर बहुत कम था। वहां भी जिताऊ चेहरे खोजे जा रहे हैं। उधर, टिकट कटने का अहसास जिन विधायकों और मंत्रियों को हो गया है, उनकी नींद उड़ी हुई है। सूत्रों का कहना है कि वे मैनेजमेंट में जुट गए हैं।

0Shares

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.