September 26, 2026

पीएम मोदी ने गिनाईं ‘मेक इन इंडिया’ की उपलब्धियां, बोले- आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ा भारत

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार को अपनी सरकार की ‘मेक इन इंडिया’ पहल की उपलब्धियों को रेखांकित करते हुए कहा कि बुनियादी ढांचे, उद्यम और नवाचार के विकास से देश की आर्थिक प्रगति को गति मिलती है।

उन्होंने कहा कि मेक इन इंडिया से देश आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ा है। 25 सितंबर 2014 को शुरू की गई इस पहल का उद्देश्य भारत को विनिर्माण, डिजाइन और नवाचार का वैश्विक केंद्र बनाना था।

पीएम मोदी ने इंटरनेट मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर कहा कि भारत में अधिक उत्पादन, अधिक निवेश और अधिक निर्यात इस बदलाव को दर्शाते हैं।

प्रधानमंत्री ने एक वीडियो भी साझा किया, जिसमें सेमीकंडक्टर, एयरोस्पेस, ट्रेन इंजन और कोच निर्माण, जहाज निर्माण, मेट्रो नेटवर्क, ऑटोमोबाइल, दवाइयों, सौर ऊर्जा और मोबाइल फोन निर्माण सहित विभिन्न क्षेत्रों की उपलब्धियां दिखाई गईं।

सरकार के अनुसार, ‘मेक इन इंडिया’ का उद्देश्य निवेश को बढ़ावा देना, नवाचार को प्रोत्साहित करना और विश्वस्तरीय बुनियादी ढांचा विकसित करना है।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार को भाजपा के कार्यकर्ताओं से वोट बैंक की राजनीति के बजाय सामाजिक सुधार और समाज में सकारात्मक बदलाव के लिए काम करने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि राजनीतिक कार्यकर्ताओं को समाज की बुराइयों के खिलाफ लगातार प्रयास करते रहना चाहिए।

पीएम मोदी ने वाराणसी से वडनगर जा रही ‘सेवा यात्रा’ में शामिल प्रतिभागियों से वीडियो कान्फ्रेंस के माध्यम से बातचीत करते हुए महात्मा गांधी का उदाहरण दिया।

उन्होंने कहा कि गांधी जी ने स्वतंत्रता आंदोलन का नेतृत्व करने के साथ सामाजिक सुधार के लिए भी काम किया और समाज में व्याप्त बुराइयों के खिलाफ आवाज उठाई।

पीएम मोदी ने भाजपा कार्यकर्ताओं से दीनदयाल उपाध्याय के सेवा, संतुलन, संयम, समन्वय, सकारात्मकता, संवेदनशीलता और संवाद के सात सिद्धांतों को अपनाने का भी आह्वान किया।

प्रधानमंत्री ने कहा कि पिछले 12 वर्षों में भारत में शहरों और गांवों के बीच का अंतर काफी कम हुआ है तथा ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी ढांचे में उल्लेखनीय सुधार हुआ है। उन्होंने महिलाओं में आत्मनिर्भरता बढ़ने का भी उल्लेख किया।

0Shares

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.