September 2, 2026

योगी की अगुवाई में आज गोरखपुर में निकलेगी प्रह्लाद की शोभायात्रा, 60 किलो फूलों से खेली जाएगी पुष्प होली

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अगुवाई में सोमवार की शाम को भक्त प्रह्लाद की शोभायात्रा निकाली जाएगी। पांडेयहाता में श्री श्री होलिका दहन उत्सव समिति ने भव्य एवं ऐतिहासिक शोभायात्रा की तैयारी पूरी कर ली है। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में योगी आदित्यनाथ की उपस्थिति रहेगी। वह भक्त प्रह्लाद की विधिवत आरती उतारेंगे तथा फूल व अबीर-गुलाल की होली खेलकर शोभायात्रा को रवाना करेंगे। इससे पूर्व वे मंच से शहरवासियों को होली की शुभकामनाएं भी देंगे।

होली पर्व के उपलक्ष्य में महानगर में पारंपरिक आयोजनों की श्रृंखला सोमवार को शाम तीन बजे से प्रारंभ होगी। समिति के संरक्षक आशीष गुप्ता व अध्यक्ष रामप्रकाश गुप्ता ने बताया कि विरासत गलियारे में विस्थापित व्यापारियों को पुनर्स्थापित किए जाने के उपलक्ष्य में सभी व्यापारीगण मुख्यमंत्री का शंखनाद के बीच गुलाब की पंखुड़ियों से पुष्पवर्षा कर भव्य स्वागत करेंगे। महामंत्री शिवम पटवा ने जानकारी दी कि इस बार कानपुर से आ रही विशेष झांकी आकर्षण का केंद्र रहेगी। झांकियों के माध्यम से भक्त प्रहलाद की भक्ति, असत्य पर सत्य की विजय और होलिका दहन की पौराणिक कथा का सजीव चित्रण किया जाएगा। पारंपरिक वाद्ययंत्रों की ध्वनि और डमरू की गूंज से वातावरण भक्तिमय बनेगा।

हिमांशु गुप्ता ने बताया कि होलिका दहन के लिए सम्मत को झोपड़ी के स्वरूप में तैयार किया गया है, जिसमें होलिका को विराजमान कर दहन किया जाएगा। यह व्यवस्था परंपरा और प्रतीकात्मकता का सुंदर संगम प्रस्तुत करेगी। समिति के पदाधिकारियों के अनुसार सभी तैयारियां अंतिम चरण में हैं और आयोजन को ऐतिहासिक एवं स्मरणीय बनाने के लिए व्यापक स्तर पर कार्य किया जा रहा है।

कोषाध्यक्ष राहुल गुप्ता ने बताया कि इस वर्ष आयोजन को और भव्य स्वरूप देने के लिए एक के स्थान पर चार मंच तैयार किए जा रहे हैं। इन मंचों पर फरुआही नृत्य सहित विभिन्न लोकनृत्यों व सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति होगी। 11 ब्राह्मणों द्वारा सामूहिक शंखनाद से पूरे क्षेत्र में आध्यात्मिक ऊर्जा का संचार होगा। होली खेलने के लिए 60 किलोग्राम गुलाब एवं गेंदे की फूल-पंखुड़ियों की व्यवस्था की गई है, जो पिछले वर्षों की तुलना में लगभग दस गुना अधिक है। पुष्प होली इस बार आयोजन की विशेष पहचान बनेगी।

शोभायात्रा पांडेयहाता से प्रारंभ होकर मदरसा चौराहा, घासीकटरा, बेनीगंज, अलीनगर, बक्शीपुर, नखास चौक, रेती चौक होते हुए नार्मल तिराहे पर संपन्न होगी। मार्ग में विभिन्न स्थानों पर सामाजिक संगठनों, व्यापारियों एवं श्रद्धालुओं द्वारा स्वागत द्वार बनाए जा रहे हैं।

 

0Shares

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.