छात्रों के प्रोटेस्ट के आगे झुका प्रशासन, सेंट एग्नेस कॉलेज के एग्जाम शेड्यूल में होगा बदलाव; दशहरे की छुट्टियों में रखा था पेपर
कर्नाटक के मंगलुरु में सेंट एग्नेस कॉलेज के सैंकड़ों छात्र सोमवार को परीक्षा छोड़ धरने पर बैठ गए थे। छात्र कॉलेज प्रशासन के उस फैसले के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे थे जिसमें अंडरग्रेजुएट कोर्सेस एग्जाम की डेट दशहरे की छुट्टियों में रख दी गई थी। छात्रों ने एग्जाम डेट को बदलने की मांग की जिसे कॉलेज प्रशासन ने स्वीकार भी कर लिया।
बता दें कि कॉलेज के ये एग्जाम 12 अक्टूबर से 28 अक्टूबर तक निर्धारित हैं और 20 अक्टूबर का दशहरा है। कॉलेज के शेड्यूल के मुताबिक, 19 और 22 अक्टूबर को पेपर तय था, लेकिन अब कॉलेज प्रशासन ने शेड्यूल को बदले जाने का आश्वासन दिया है और कहा है कि नया शेड्यूल ऑफिशियल चैनल पर जल्द ही जारी किया जाएगा।
सोमवार को ABVP समर्थित धरने पर बैठे छात्रों ने कॉलेज के गेट पर ही नारेबाजी की और हंगामा किया। कुछ स्टूडेंट्स ने कहा कि उन्होंने कॉलेज से बार-बार सेमेस्टर एग्जाम पोस्टपोन करने की रिक्वेस्ट की थी। एक स्टूडेंट ने कहा, “राज्य के सभी स्कूल और कॉलेज स्टूडेंट्स को छुट्टियां देते हैं, कॉलेज ने उसी समय एग्जाम अनाउंस कर दिए। हमने उनसे पहले भी रिक्वेस्ट की थी लेकिन उन्होंने कोई ध्यान नहीं दिया।”
