October 26, 2026

देश में दो मियां, दोनों को घुसपैठियों से प्यार है; योगी का अखिलेश-राहुल पर तीखा हमला

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार के कानपुर नगर के बिठूर में महर्षि वाल्मीकि जयंती के मौके पर 411 करोड़ रुपये से अधिक लागत की विभिन्न विकास परियोजनाओं के लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इस मौके पर उन्होंने समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव और नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर भी जमकर निशाना साधा। योगी ने कहा, ‘देश में दो मियां हैं, एक बड़े और एक छोटे; दोनों मियां को घुसपैठियों से प्यार है।’

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा, ‘जो लोग दंगाइयों के यार हों, अराजकता पैदा करना और अंधेरे में रखकर डकैती डालना जिन्होंने अपने जीवन का हिस्सा बना दिया था, जिनके लिए परिवार ही प्रदेश हो गया था; वे लोग विकास क्या कराएंगे?… इस समय देश के अंदर 2 मियां हैं; एक छोटे मियां और एक बड़े मियां हैं। छोटे मियां और बड़े मियां को घुसपैठियों से बड़ा प्यार है। ये बांग्लादेशी घुसपैठियों को गले लगाते हैं और दलितों का, वंचितों का, गरीबों का, अन्नदाता किसानों का, युवाओं का ये अपमान करते हैं।’

योगी ने आगे कहा, ‘समाजवादी पार्टी को भी और कांग्रेस को भी प्रदेश के अंदर लंबे समय तक शासन करने का अवसर प्राप्त हुआ। याद करिए अन्नदाता किसान आत्महत्या करने के लिए मजबूर होता था। गरीब भूखा ही मरने के लिए मजबूर होता था। युवाओं को नौकरी नहीं मिलती थी। नौकरी के नाम पर युवाओं के हक पर डकैती डाल दी जाती थी। नारी की सुरक्षा में समाजवादी पार्टी स्वयं खतरा बनी हुई थी। उनके गुंडे जगह-जगह जाकर व्यापारियों और गरीबों की जमीनों को कब्जा करते थे और दंगाइयों को मुख्यमंत्री आवास पर सम्मानित करते थे… इन्होंने प्रदेश में जो तांडव किया था आज फिर ये लोग उधर ही ले जाना चाहते हैं। ये संवैधानिक संस्थाओं को कटघरे में खड़ा करते हैं। न्यायालय का अपमान करते हैं। बांग्लादेशी घुसपैठी और पाकिस्तानी घुसपैठियों का समर्थन करते हैं और उत्तर प्रदेश के नागरिकों को ही घुसपैठी बता कर अपमानित करते हैं। मैं अखिलेश यादव से पूछना चाहता हूं कि आपको बांग्लादेशी घुसपैठियों से इतना प्यार क्यों है?’

मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि सपा और कांग्रेस ने अयोध्या के विकास में बाधाएं पैदा की थीं। इन दलों ने अयोध्या में बिजली, बुनियादी सुविधाओं और हवाई अड्डे के विकास को पर्याप्त प्राथमिकता नहीं दी। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार ने रामभक्तों की भावनाओं के अनुरूप अयोध्या में भव्य राम मंदिर के निर्माण और शहर के विकास को आगे बढ़ाया है।

0Shares

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.