लखनऊ होकर बंगाल, बिहार और पंजाब के लिए 2 स्पेशल ट्रेनें चलेंगी, यात्रियों को राहत
त्योहारों के दौरान यात्रियों की अतिरिक्त संख्या को देखते हुए उत्तर रेलवे दो त्योहार विशेष ट्रेनों का संचालन करने जा रहा है। दोनों लखनऊ होकर चलेंगी। इसमें से एक ऋषिकेश और कोलकाता के बीच तो दूसरी अमृतसर और बरौनी के बीच चलेगी। इन ट्रेनों में एसी, स्लीपर और जनरल के कोच होंगे।
उत्तर रेलवे लखनऊ मंडल के सीनियर डीसीएम समर्थ गुप्ता के अनुसार ट्रेन संख्या 04312/04311 योग नगरी ऋषिकेश-कोलकाता-योग नगरी ऋषिकेश आरक्षित त्योहार विशेष ट्रेन योग नगरी ऋषिकेश से 16 अक्तूबर से 20 नवंबर तक प्रत्येक शुक्रवार और कोलकाता से 18 अक्तूबर से 22 नवंबर तक प्रत्येक रविवार को चलेगी। 04312 योग नगरी ऋषिकेश से 22:20 बजे चलेगी। हरिद्वार, मुरादाबाद, बरेली, शाहजहांपुर होते हुए लखनऊ मंडल के आलमनगर स्टेशन पर आगमन अगले दिन सुबह 09:10 बजे पहुंचेगी। यहां से 09:20 बजे चलकर उतरेठिया जंक्शन पर 09:48 बजे पहुंच कर 09:50 बजे चलेगी।
ट्रेन संख्या 04668/04667 अमृतसर-बरौनी-अमृतसर आरक्षित विशेष ट्रेन अमृतसर से 04 अक्तूबर से 29 नवंबर तक प्रत्येक रविवार और बरौनी से 06 अक्तूबर से 01 दिसंबर तक प्रत्येक मंगलवार को चलेगी। ट्रेन 04668 अमृतसर से 20:10 बजे चलेगी। ब्यास, जालंधर सिटी, फगवाड़ा, धंडारी कलां, अंबाला कैंट, यमुनानगर-जगाधरी, सहारनपुर, मुरादाबाद, बरेली, शाहजहांपुर, हरदोई होते हुए लखनऊ मंडल के आलमनगर स्टेशन पर अगले दिन 10:30 बजे पहुंच कर 10:40 बजे चलेगी। रायबरेली, मां बेल्हा देवी धाम प्रतापगढ़, वाराणसी,औंड़िहार,गाजीपुर सिटी, बलिया, छपरा, छपरा ग्रामीण, सोनपुर, हाजीपुर एवं शाहपुर पटोरी होते हुए बरौनी जंक्शन पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन संख्या 04667 बरौनी जंक्शन से 05:05 बजे चलेगी। उक्त स्टेशनों से होते हुए आलमनगर स्टेशन पर 21:30 बजे पहुंचकर 21:40 बजे चलेगी। हरदोई, शाहजहांपुर, बरेली, मुरादाबाद, सहारनपुर, यमुनानगर-जगाधरी, अंबाला कैंट, धंडारी कलां, फगवाड़ा, जालंधर सिटी एवं ब्यास होते हुए अमृतसर पहुंचेगी।
