October 23, 2026

अपने आवास पर ब्राह्मण विधायकों को भोज देने वाले पीएन पाठक ने बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष को दिया जवाब? जानिए क्या कहा

लखनऊः ब्राह्मण विधायकों को भोज देने वाले बीजेपी विधायक पंचानंद पाठक उर्फ पीएन पाठक ने बड़ा बयान दिया है। पीएन पाठक ने अपने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट लिखा है। पोस्ट में भाजपा विधायक ने साफ किया कि ब्राह्मण समाज हर समाज को जोड़ने के लिए बैठता है ना कि विभाजन कार्य के लिए। माना जा रहा है यूपी बीजेपी अध्यक्ष पंकज चौधरी की नाराजगी के बाद यह पोस्ट लिखा गया। इस बयान को पीएन पाठक के जवाब के तौर पर देखा जा रहा है। कुछ दिनों पहले बीजेपी के ब्राह्मण विधायकों की पीएन पाठक के लखनऊ आवास पर मीटिंग हुई थी। इस मीटिंग को सहभोज नाम दिया गया। बैठक में करीब 40 विधायक और एमएलसी शामिल हुए थे।

पीएन पाठक ने सोशल मीडिया पर लिखी ये बातें

पीएन पाठक ने एक्स हैंडल पर पोस्ट कर कहा कि ‘सनातन परंपरा में ब्राह्मण को समाज का मार्गदर्शक, विचारक और संतुलनकर्ता माना गया है। जहां ब्राह्मण एकत्र होता है, वहां ज्ञान, विवेक और चिंतन का मंथन होता है, जो हिंदू अस्मिता को सशक्त बनाता है। उसका धर्म समाज को जोड़ना है, विभाजन नहीं’।

क्यों हुआ था विवाद

ब्राह्मण विधायकों से कुछ महीने पहले ठाकुर विधायकों ने दो बैठकें कीं थी। राज्य सरकार के मंत्री, जयवीर सिंह, दयाशंकर सिंह, साथ ही अन्य मंत्री और विधायक भी बैठक में मौजूद थे। लेकिन उस दौरान बीजेपी की तरफ से कोई आपत्ति नहीं जताई गई। पूर्व सांसद राजवीर सिंह राजू भैया ने लोध समुदाय के विधायकों, सांसदों और नेताओं का एक सम्मेलन आयोजित किया। उन्होंने समुदाय की आवाज़ भी उठाई। लेकिन उस समय भी पार्टी की तरफ से कोई आपत्ति नहीं जताई गई। कुर्मी इंटेलेक्चुअल विचार मंच के बैनर तले बीजेपी के कुर्मी विधायकों ने भी इस तरह एक बैठक की। बैठक में सरकार और संगठन में समुदाय के लिए पर्याप्त नेतृत्व का मुद्दा भी उठाया गया। लेकिन उस समय भी बीजेपी की तरफ से कोई आपत्ति नहीं जताई गई।

हालांकि जब ब्राह्मण विधायकों ने मीटिंग की तो प्रदेश के नए प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने ब्राह्मण नेताओं को चेतावनी दी। यूपी बीजेपी अध्यक्ष की चेतावनी के बाद, कांग्रेस-सपा ने ब्राह्मण वोटरों को लुभाने की कोशिशें शुरू कर दी। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने ब्राह्मण नेताओं से मज़बूत रुख अपनाने को कहा है।

0Shares

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.