मेरठ: आजाद समाज पार्टी के नेता बदर अली पर दंगा भड़काने की कोशिश के आरोप में मुकदमा दर्ज
जागरण संवाददाता, मेरठ। आसपा के शहर विधानसभा प्रभारी बदल अली के खिलाफ भड़काऊ भाषण देकर शहर में दंगा भड़काने और सांप्रदायिक जहर फैलाने के आरोप में देहलीगेट थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोप है कि बिना अनुमति के सभा आयोजित कर उन्होंने भाजपा, आरएसएस और बजरंगदल पर टिप्पणी की थी।
देहलीगेट थाना क्षेत्र के मोहल्ला बुरुस निवासी आसपा नेता बदर अली ने गत 30 अगस्त को बिना अनुमति के मुस्लिम समुदाय के लोगों को एकत्र कर सभा की थी। सभा में दिए बयानों का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। हिंदू संगठन के सचिन सिरोही ने पुलिस को आठ दिन पहले दी तहरीर में बताया था कि वायरल वीडियो में बदर अली शहर में दंगा फैलाने की नीयत से भड़काऊ भाषण देते दिख रहे थे।
भाषण के दौरान उन्होंने कहा कि आरएसएस, भाजपा एवं बजरंग दल वाले एक बार नहीं दस बार सोचेंगे कि किसी टोपी वाले को नहीं मारना है। यदि तुम इस बार मुझे चुनाव जिता दोगे तो कोई तुम्हें मेरे सामने मार नहीं पाएगा। वीडियो के आधार पर बदर अली के खिलाफ देहली गेट थाने में मुकदमा दर्ज किया।
बता दें कि बदर अली पर थाना देहली गेट, ब्रह्मपुरी, सदर बाजार, रेलवे रोड, नौचंदी, लिसाड़ी गेट, सिविल लाइन, टीपी नगर, साइबर क्राइम, लोहियानगर और शहर कोतवाली समेत गाजियाबाद के कई थानों में 22 मुकदमे दर्ज हैं। मार्च 2021 में गैंग्सटर कार्रवाई भी हो चुकी है। आरोप है कि बदर अली ने वर्ष 2019 में शांतिमार्च निकालकर उपद्रव किया था। इस मामले में तत्कालीन एसएसपी नितिन तिवारी को भी हटाया गया था।
