October 19, 2026

राम मंदिर में दर्शन के लिए नई व्यवस्था, तत्काल मिलेंगे पास, सुबह पांच बजे से खुलेगा पोर्टल

राम मंदिर में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए आरक्षित श्रेणी के अलावा तत्काल दर्शन पास की व्यवस्था शुरू कर दी गई है। इसके तहत सुगम और विशिष्ट दर्शन के लिए ऑनलाइन पास बुक किए जा सकेंगे। इसके लिए रोज सुबह पांच से साढ़े पांच बजे के बीच पोर्टल खुलेगा, जहां तय कोटे के पास उपलब्ध रहने तक ही बुकिंग होगी।

श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने सुगम दर्शन पास की अग्रिम बुकिंग की अवधि 15 दिन से बढ़ाकर 90 दिन करने का फैसला किया है। महासचिव स्वामी गोविन्ददेव गिरि के निर्देश पर सीईओ एयर मार्शल जितेन्द्र मिश्र, आईटी विभाग और ट्रस्ट के प्रतिनिधियों के विचार-विमर्श के बाद यह निर्णय लिया। नई व्यवस्था अगले सप्ताह से लागू होगी। ट्रस्ट के मीडिया प्रबंधन से जुड़े सुभाष चन्द्र सिंह ने बताया कि ऑनलाइन सुगम दर्शन पास की संख्या भी 975 से बढ़ाकर दो हजार करने का निर्णय लिया गया है।

पास सात चरणों में उपलब्ध कराने की योजना है-90, 62, 30, 14, 7, 3 और एक दिन पहले। उन्होंने श्रद्धालुओं से बिना किसी अनुशंसा या बिचौलिये के अधिकृत वेबसाइट से स्वयं पास प्राप्त करने की अपील की। ट्रस्ट स्वचालित तकनीकी माध्यमों के दुरुपयोग को रोकने और वास्तविक श्रद्धालुओं को निष्पक्ष अवसर देने के लिए सत्यापन आधारित बुकिंग प्रणाली विकसित कर रहा है। इसके तहत अग्रिम आवेदन करते ही पास की तत्काल पुष्टि नहीं होगी। तकनीकी सत्यापन के बाद सामान्यतः 24 से 48 घंटे के भीतर पास जारी करने के संबंध में निर्णय की सूचना दी जाएगी।

राम मंदिर में तीन प्रमुख आरतियों के लिए पास की व्यवस्था है। इनमें सुबह चार बजे मंगला आरती, सुबह छह बजे श्रृंगार आरती और रात दस बजे शयन आरती शामिल हैं। इसके अतिरिक्त दोपहर 12 बजे राजभोग आरती और शाम सात बजे संध्या आरती के दौरान श्रद्धालु बिना पास आरती दर्शन कर सकते हैं।

ट्रस्ट ने आरक्षित श्रेणी के पासों की संख्या भी तय की है। ये पास ऑनलाइन के बजाय तीर्थ यात्री सुविधा केंद्र और रामकोट स्थित कार्यालय के काउंटरों से जारी किए जाते हैं। इसमें दिव्यांगों के अलावा 65 वर्ष से अधिक उम्र के वरिष्ठ नागरिक और तीन वर्ष से कम उम्र के बच्चों के साथ आने वाले माता-पिता हैं। पास बनवाने के लिए संबंधित श्रद्धालु को काउंटर पर फोटो खिंचवाकर आधार देना पड़ता है। इसके बाद ऑपरेटर औपचारिकताएं पूरी कर पास देते हैं। ट्रस्ट से मिली जानकारी के अनुसार, ये पास सुबह सात बजे से रात नौ बजे के बीच अलग-अलग स्लॉट के लिए उपलब्ध रहते हैं।

राम मंदिर ट्रस्ट ने पास जारी करने के लिए तीर्थ यात्री सुविधा केंद्र और रामकोट कार्यालय में दो-दो काउंटर आवंटित किए हैं। तीर्थ यात्री सुविधा केंद्र में चार कर्मचारी सुबह छह से दोपहर दो बजे और दोपहर दो से रात दस बजे तक अलग-अलग शिफ्टों में ड्यूटी करते हैं। रामकोट कार्यालय में भी दो काउंटर हैं। यहां तीन कर्मचारी तैनात हैं। इनमें दो कर्मचारी अलग-अलग शिफ्टों में और एक कर्मचारी सुबह दस से शाम पांच बजे तक जनरल शिफ्ट में ड्यूटी करता है।

ट्रस्ट ने नि:शुल्क पास के बदले शुल्क मांगे जाने पर टोल फ्री नंबर 80095 22111 पर शिकायत दर्ज कराने की बात कही है। ईमेल से शिकायत की सुविधा भी शुरू करने की तैयारी है। ट्रस्ट के अनुसार, दोनों शिकायत माध्यमों को एक सप्ताह में सक्रिय करने की योजना है। प्राप्त शिकायतों की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

0Shares

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.