सांसद और फिल्म स्टार रवि किशन के जीएसटी दरों में बदलाव से 100 रुपए की चीज 40 से 45 रुपए में मिलने और 50% तक कीमतें घटने के बयान का वीडियो एक्स पर पोस्ट कर सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने तंज कसा है। अखिलेश ने कहा है कि भाजपाई झूठ बोलने का ब्रह्मांड रिकॉर्ड बना रहे हैं। वहीं अखिलेश के पोस्ट पर प्रतिक्रिया देते हुए रवि किशन ने कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी और वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने देश को दीवाली का तोहफा दिया है। बचत उत्सव अहम है, छूट की गणित पर अखिलेश यादव को नहीं जाना चाहिए।
सांसद ने आपके अपने अखबार ‘हिन्दुस्तान’ से बातचीत में कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी के आह्वान पर नवरात्रि के अवसर पर देश बचत उत्सव मना रहा है। कई वस्तुओं पर 28% की जीएसटी 5% हो गई है। शून्य जीएसटी होने से जीवन रक्षक दवाएं सस्ती हुई हैं। बीमा पर जीएसटी शून्य हो गया है। जीएसटी की दरें घटने का लाभ दुकान पर जाकर सपा प्रमुख को देखना चाहिए। सांसद ने कहा कि सोमवार को दुकान पर जाकर खुद देखा। 3000 रुपये का जैकेट 1600 रुपये में मिल रहा था। सिर्फ विरोध करने के लिए विरोध करते हैं सपा के लोग। सांसद ने कहा कि अखिलेश यादव ज्ञान और अज्ञान की बातें नहीं करें। जीएसटी के गणित में नहीं जाएं। दुकानों पर मिल रहे छूट और कम हुई कीमतों को देखें। सपा प्रमुख मेरे वीडियो को ट्वीट कर सुर्खियों में रहना चाहते हैं।
‘समझाइश के रूप में डपटाई’ का फोन आता होगा: अखिलेश
अखिलेश यादव ने एक्स पर रवि किशन का वीडियो पोस्ट कर लिखा है कि जीएसटी के नाम पर ‘उदाहरण के साथ’ सब चीजों का रेट 50% पर बताने वाले ऐसे लोग, जिन्हें कुछ भी नहीं पता वो ना ही बोलें तो भला है। ये झूठे भले न हों पर अज्ञानी ज़रूर हैं। अभी इनके पास दिल्ली या वित्त मंत्री जी की तरफ से ‘समझाइश के रूप में डपटाई’ का फोन आता होगा,… ऐसा फ़ोन लखनऊ से नहीं आएगा क्योंकि उधर भी हाल ऐसा ही है। जनता ऐसे लोगों को साथ में बाजार लेकर जाए और इनके झूठ की पोल खोले तो इनकी अक़्ल ठिकाने आए। भाजपाई मुंह पर झूठ बोलने का ब्रह्मांड रिकॉर्ड बना रहे हैं।
रवि किशन ने कहा, 100 रुपये का सामान 40 से 45 रुपये में मिल रहा
सोमवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ दुकानदारों से संपर्क अभियान के बाद सांसद रवि किशन ने बचत उत्सव को लेकर मीडिया से बात की थी। रवि किशन ने कहा था कि डायरेक्ट फिफ्टी परसेंट लाभ मिल रहा है। जीएसटी दरों में कटौती के बाद 100 रुपये का माल 40 से 45 रुपये में मिल रहा है। 3000 रुपये की जैकेट 1600 रुपये में मिल रही है। साड़ी, लहंगा, शैंपू, टीवी, वाशिंग मशीन सभी पर 50% का असर आ गया है। त्योहारों पर सरकार ने 140 करोड़ देश वासियों अद्भुत सौगात दी है। …सांसद ने कहा कि कांग्रेस के शासन काल में 16 तरह का टैक्स लगता था।

