अमेरिकी न्याय विभाग ने जेफरी एपस्टीन से जुड़े हजारों नए दस्तावेज जारी किए हैं, जिनमें राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का बार-बार जिक्र है। ये डॉक्युमेंट्स एपस्टीन की जांच से जुड़े हैं, जिसमें फ्लाइट रिकॉर्ड, ईमेल और अन्य सामग्रियां शामिल हैं। ट्रंप पर कोई आपराधिक आरोप तो नहीं लगा है, लेकिन इनमें उनके एपस्टीन के साथ पुराने संबंधों की जानकारी सामने आई है। डीओजे ने साफ किया कि कुछ दावे असत्य और सनसनीखेज हैं, जो 2020 चुनाव से पहले FBI को सौंपे गए थे। ये दस्तावेज एपस्टीन फाइल्स ट्रांसपेरेंसी एक्ट के तहत जारी किए जा रहे हैं।

1 जनवरी 2020 के आंतरिक ईमेल में मैनहट्टन के संघीय अभियोजक ने लिखा कि ट्रंप 1993 से 1996 के बीच एपस्टीन के प्राइवेट जेट में 8 बार सवार हुए, जो पहले रिपोर्ट से कहीं ज्यादा है। इनमें से 4 उड़ानों में घिस्लीन मैक्सवेल भी मौजूद थीं, जो बाद में सेक्स ट्रैफिकिंग के लिए दोषी ठहराई गई। 1993 की उड़ान में सिर्फ एपस्टीन, ट्रंप और एक 20 साल की युवती थी। दो अन्य उड़ानों में मैक्सवेल मामले की संभावित गवाह महिलाएं थीं। ट्रंप ने पहले दावा किया था कि वे एपस्टीन के विमान में कभी नहीं बैठे, लेकिन ये फाइल्स इसे खारिज करती हैं। हालांकि, इनमें कोई अपराध का आरोप नहीं है।
बलात्कार का भी आरोप
अक्टूबर 2020 की एक FBI फाइल में लिमोजीन ड्राइवर का बयान है, जिसमें 1995 की फोन कॉल का जिक्र है। कॉल में ट्रंप जेफरी का नाम लेते हुए किसी लड़की के दुरुपयोग का जिक्र कर रहे थे। फाइल में एक अज्ञात व्यक्ति का दावा है कि डोनाल्ड ट्रंप ने जेफरी एपस्टीन के साथ मिलकर मेरा बलात्कार किया। यह घटना किसी फैंसी होटल में हुई बताई गई। डीओजे ने इन दावों को 2020 चुनाव से पहले के सनसनीखेज और असत्य बताया था। ट्रंप ने एपस्टीन के अपराधों में किसी भी संलिप्तता से इनकार किया है।

