Bihar Top News Today: 5.5 हजार लाइब्रेरियन की होगी भर्ती, पीएम मोदी से मिले संजय सरावगी

Bihar Breaking India News Politics

Bihar Top News Today 29 December 2025: गयाजी में एक विवाहित महिला की ससुराल में हत्या करने का आरोप लगा है, पुलिस ने पति को गिरफ्तार किया है। मौसम विभाग ने अगले 48 घंटे के भीतर भीषण ठंड से हल्की राहत मिलने के आसार जताए हैं। उत्तर बिहार के जिलों में घना कोहरा और ठंड का असर ज्यादा देखने को मिलेगा। राजगीर के एक होटल में सेक्स रैकेट का भंडाफोड़ हुआ है। राबड़ी आवास के खाली होने की चर्चा के बीच सियासी बयानबाजी का दौर चल रहा है। सोमवार, 29 दिसंबर 2025 को बिहार की प्रमुख खबरें यहां पढ़ें-

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने सोमवार को दिल्ली प्रवास के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से शिष्टाचार मुलाकात की और उनका आशीर्वाद लिया। संजय सरावगी ने प्रधानमंत्री मोदी को मां जानकी की जन्मस्थली पुनौरा धाम की तस्वीर वाला मोमेंटो तथा मधुबनी पेंटिंग बनी शॉल भेंट की। विशेष धातु से बनी इस मोमेंटो में भगवान राम, लक्ष्मण और माता जानकी की तस्वीर सुंदर तरीके से उकेरी गई है।

उत्तर पूर्वी राज्यों से विशिष्ट ट्रेनों से गांजा तस्करी करने वाले गिरोह के 6 तस्कर गिरफ्तार। पटना से दिल्ली और यूपी के शहरों में भेजते थे गंजे की खेप। आरोपितों के पास से 120 किलो गांजा और 2 एसयूवी वरामद।

राज्य के शिक्षा मंत्री सुनील कुमार ने कहा है कि स्कूलों में टीआरई 4 के तहत शिक्षक बहाली के लिए रिक्ति 15 जनवरी तक बीपीएससी को भेज दी जाएगी। पुस्तकालयाध्यक्ष के लिए 5.5 हजार रिक्ति की संभावना है। दिव्यांग बच्चों के लिए 7 हजार शिक्षकों की बहाली होगी। विश्वविद्यालयों से शिक्षकों के रिक्त पदों की जानकारी मांगी गई है। सोमवार को वे सूचना भवन में प्रेस कांफ्रेंस को संबोधित कर रहे थे।

बिहार में एटीएस के पांच जिलों में नए कार्यालय खुलेंगे। पटना, पूर्णिया, दरभंगा मोतिहारी और गया जी मे ये कार्यालय खोले जाएंगे। सोमवार को एडीजी विधि व्यवस्था पंकज कुमार दराद ने पुलिस मुख्यालय में आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में इसकी जानकारी दी।

एमयू थाना क्षेत्र में एक विवाहिता की हत्या के बाद पुलिस ने पति को गिरफ्तार किया है। ससुराल वालों पर दहेज के लिए हत्या करने का आरोप लगा है। पुलिस ने रविवार देर रात महिला का शव बरामद किया। बताया जा रहा है कि ससुराल वाले शव को ठिकाने लगाने की फिराक में थे। पुलिस ने मृतका की बहन के आवेदन पर ससुराल पक्ष के 6 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की थी। मृतका का नाम रिभा बताया जा रहा है। 2022 में उसकी शादी बोधगया निवासी प्रॅमोद से हुई थी। महिला का मायका बांकेबाजार में है।

वीआईपी प्रमुख मुकेश सहनी ने लालू परिवार से राबड़ी आवसा खाली कराए जाने के मुद्दे पर नीतीश सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा, “सरकार के पास कोई विजन नहीं है। लोगों को घर से बेघर करने का काम कर रही है। ठंड में बुलडोजर चलाकर लोगों को हटाया जा रहा है। राबड़ी देवी दो दशक से उस आवास में रह रही थीं। सरकार का काम जनता के हित में होता है, किसी नेता या विपक्ष को परेशान करना सरकार का काम नहीं है। आवास खाली कराए, जो भी करना है करें, हमें कोई लेना-देना नहीं है। कोई मोह माया नहीं है। लेकिन डराने-धमकाने की कोशिश हो रही है। जिस तरह से राजनीति हो रही है वो गलत है।”

जसीडीह-झाझा रेलखंड पर हुए मालगाड़ी हादसे के बाद रूट पर ट्रेन परिचालन सोमवार को भी बाधित है। आज भी कुछ ट्रेनें रद्द कर दी गई हैं और कई गाड़ियों को रूट बदलकर चलाया जा रहा है। दरअसल, सीमेंट से लदी मालगाड़ी जमुई जिले के टेटवा बाजार हॉल्ट के पास बड़ुआ नदी पुल पर 19 डिब्बे पटरी से उतर गए थे। इनमें से 8 डिब्बे नदी में गिर गए
रेलवे द्वारा ट्रैक को दुरुस्त करने का काम किया जा रहा है। आज इस रूट पर ट्रेनों का परिचालन बहाल होने की उम्मीद है।
बिहार के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल एवं धार्मिक नगरी राजगीर में पुलिस ने एक नामी होटल में छापेमारी कर सेक्स रैकेट का भंडाफोड़ किया। पुलिस ने होटल से 3 युवकों को गिरफ्तार किया। साथ ही 15 लड़कियों को मुक्त कराया है। आरोप है कि लड़कियों को नाच-गाने के नाम पर बुलाया जाता था और उनसे जबरन वैश्यावृति कराई जा रही थी।

बिहार सरकार के उद्योग एवं पथ निर्माण विभाग के मंत्री दिलीप जायसवाल पूर्णिया प्रमंडल के अंतर्गत संचालित पथ निर्माण विभाग की विभिन्न योजनाओं की प्रगति के लिए समीक्षात्मक बैठक करेंगे। समाहरणालय पूर्णिया में आयोजित होने वाली इस बैठक में क्षेत्रीय पदाधिकारियों के साथ विभागीय योजनाओं के क्रियान्वयन, गुणवत्ता और समयबद्धता की गहन समीक्षा की जाएगी। बैठक में जिले के सभी विधायक भी मौजूद रहेंगे। इसके बाद वह भाजपा कार्यालय में प्रेस कांफ्रेंस को भी संबोधित करेंगे।

0Shares

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *