PBKS vs LSG मैच का ये था टर्निंग पॉइंट; जब लखनऊ के हाथों से फिसली बाजी, बेरहम पंजाब ने नहीं बख्शा

India News

श्रेयस अय्यर की अगुवाई वाली पंजाब किंग्स विजय रथ पर सवार है। रविवार, 19 अप्रैल की रात उन्होंने ऋषभ पंत की लखनऊ सुपर जाएंट्स को 54 रनों से धूल चटाते हुए आईपीएल 2026 में जीत का पंजा खोला। पीबीकेएस की यह 6 मैचों में 5वीं जीत है, उनका एक मैच कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ बारिश की भेंट चढ़ा था। पंजाब ने इस जीत के साथ इतिहास रच दिया है। वह आईपीएल इतिहास की पहली ऐसी टीम बन गई है जिसने सीजन के पहले 6 मैचों में हार का सामना नहीं करा हो। वहीं दूसरी तरफ लखनऊ की यह 6 मैचों में चौथी हार है। आईए एक बार पीबीकेएस वर्सेस एलएसजी मैच के टर्निंग पॉइंट के बारे में जान लेते हैं-

PBKS vs LSG मैच के दौरान टॉस का सिक्का लखनऊ के कप्तान ऋषभ पंत के फेवर में गिरा। पंजाब ने मुल्लांपुर के इस मैदान पर पहले दो मैच चेज करते हुए आसानी से जीते थे। इस बात को ध्यान में रखते हुए पंत ने पहले गेंदबाजी करने का फैसला लिया, जो कि एक दम सही था। मगर फिर गलती कहां हुई, कहां लखनऊ सुपर जाएंट्स के हाथों से मैच फिसला?

पहले ही ओवर में पंजाब किंग्स को प्रभसिमरन सिंह के रूप में बड़ा झटका लगा था, मगर इसके बावजूद प्रियांश आर्या और कूपर कोनोली ने पावरप्ले में 10.5 की औसत से 63 रन बनाकर टीम को अच्छी शुरुआत दिलाई। यहां तक तो सब ठीक चल रहा था, मगर इसके बाद पंजाब के इन दो बल्लेबाजों ने तबाही मचाई वहां से मैच पलट गया। अकसर पावरप्ले के बाद बल्लेबाज बड़े शॉट लगाने में हिचकिचाते हैं क्योंकि फील्ड खुल जाती है, मगर प्रियांश आर्या और कूपर कोनोली की जोड़ी ने तो गदर ही काट दिया।

पंजाब किंग्स ने 7 से 15 ओवर के बीच 14.44 की औसत से 2 विकेट के नुकसान पर 130 रन बनाकर मैच में लखनऊ सुपर जाएंट्स को काफी पीछे कर दिया। कूपर कोनोली 14वें ओवर में 87 के निजी स्कोर पर तो प्रियांश आर्या 15वें ओवर में 93 रन बनाकर आउट हुए। दोनों ही बल्लेबाज अपने-अपने शतक से चूक गए, मगर पंजाब की जीत पक्की कर गए।

प्रियांश और कूपर के आउट होने के बाद जरूर पंजाब ने लय खोई, मगर आखिरी 5 ओवर में उन्होंने 4 विकेट के नुकसान पर 12.2 की औसत से 61 रन जरूर बनाए।

अगर आंकड़ों में पंजाब किंग्स और लखनऊ सुपर जाएंट्स की तुलना करें तो, पावरप्ले में एलएसजी का स्कोर 1 विकेट के नुकसान पर 61 रन था, जो पंजाब से सिर्फ दो रन कम था। मगर जीत हार का सबसे बड़ा अंतर बीच के ओवर में दिखा। पंजाब ने जहां 7 से 15 ओवर क बीच 130 रन बनाए थे, वहीं लखनऊ 9 की औसत से 81 ही रन बना पाया, इस दौरान उन्होंने 3 विकेट और गंवाए। डेथ में LSG ने 1 विकेट के नुकसान पर 58 रन बनाए, मगर तब तक उनके हाथों से मैच फिसल चुका था।

पंजाब किंग्स की इस जीत के हीरो सलामी बल्लेबाज प्रियांश आर्या रहे, उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच के अवॉर्ड से नवाजा गया।

 

0Shares

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *