पंजाब सरकार ने छीनी हरभजन सिंह की सुरक्षा, राघव चड्ढा के साथ BJP में शामिल होने की चर्चा

Breaking India News Politics

पंजाब सरकार ने राज्यसभा सांसद और पूर्व क्रिकेटर हरभजन सिंह की सुरक्षा वापस ले ली है। उनके घर के बाहर तैनात सुरक्षाकर्मियों को भी हटा लिया गया है। इससे पहले राघव चड्ढा की भी सुरक्षा छीन ली गई थी। हालांकि, उन्हें केंद्र सरकार की तरफ से वाई कैटेगरी की सुरक्षा प्रदान की गई। अब हरभजन को भी ऐसी ही सुरक्षा मिलने की संभावना है। आपको बता दें कि पंजाब सरकार ने उन्हें जेड कैटेगरी की सुरक्षा दी थी।

हाल ही में आम आदमी पार्टी से भाजपा में शामिल हुए राघव चड्डा ने दावा किया था कि हरभजन सिंह भी AAP छोड़ने वाले 7 सांसदों में शामिल हैं। हालांकि, हरभजन सिंह ने अभी तक इस मामले में कोई बयान नहीं दिया है। इस मामले में खूब राजनीति हो रही है। भाजपा और आम आदमी पार्टी के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है।

आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने शनिवार को राज्यसभा सांसद हरभजन सिंह, अशोक मित्तल और राजिंदर गुप्ता के आवास के बाहर विरोध प्रदर्शन किया। लुधियाना और जालंधर में कार्यकर्ताओं ने स्प्रे पेंट से उनके घरों की चारदीवारी पर ‘गद्दार’ लिखा। प्रदर्शनकारियों ने ‘पंजाब दे गद्दार’ के नारे लगाते हुए उन पर पंजाब की जनता के साथ विश्वासघात करने का आरोप लगाया।

राघव चड्ढा ने भाजपा में शामिल होने के बाद कहा कि सभी सात सांसद भाजपा में सम्मिलित हो गए हैं। उन्होंने कहा, “जिस आम आदमी पार्टी को मैंने अपने खून-पसीने से सींचा, अपनी जवानी के 15 साल दिए, वह अपने सिद्धांतों, मूल्यों और नैतिकता से पूरी तरह भटक गई है।” आपको बता दें कि हाल ही में राघव चड्ढा को राज्यसभा में आम आदमी पार्टी के उपनेता पद से हटा दिया गया और उनकी जगह मित्तल को नियुक्त किया गया था।

उन्होंने पार्टी के 10 सांसदों का संदर्भ देते हुए कहा, ”संविधान के अनुसार, किसी पार्टी के कुल सांसदों में से दो-तिहाई सांसद दूसरी पार्टी में सम्मिलित हो सकते हैं।” राघव चड्ढा ने कहा, ”उन्होंने (सांसदों) पहले ही हस्ताक्षर कर दिए थे, और आज सुबह हमने राज्यसभा के सभापति को हस्ताक्षरित पत्रों और अन्य औपचारिक दस्तावेजों समेत सभी आवश्यक दस्तावेज सौंप दिए।”

राघव चड्ढा और संदीप पाठक ने शुक्रवार को पांच अन्य सांसदों के साथ पार्टी छोड़कर भाजपा में शामिल होने की घोषणा की। उनमें अशोक मित्तल, हरभजन सिंह, राजेंद्र गुप्ता, स्वाति मालीवाल और विक्रमजीत साहनी अन्य सांसद शामिल हैं।

 

0Shares

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *