तेजस्वी अपने समर्थकों को मर्यादा में रखें, ज्योति देवी पर हमले के बाद भड़की HAM; बीजेपी बोली- ऑपरेशन लंगड़ा…

Breaking India News Politics

हम (हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा) पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और बिहार सरकार के मंत्री संतोष कुमार सुमन ने राजद विधायक और बिहार के नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव को चुनौती दी है। अपने आधिकारिक एक्स हैंडल पर संतोष कुमार सुमन ने लिखा है कि राज्य में किसी एक खास जाति की दबंगई का दौर खत्म हो चुका है। संतोष कुमार सुमन ने यह भी लिखा है कि दलित समाज अपने सम्मान की रक्षा करना जानता है।

संतोष कुमार सुमन ने लिखा, ‘तेजस्वी जी, अपने समर्थकों को मर्यादा में रखिए। बिहार बदल चुका है। अब दलित समाज डरने वाला नहीं, अपने सम्मान की रक्षा करना जानता है। अगर जीतन राम मांझी जी के किसी सिपाही को डराने-धमकाने की कोशिश हुई, तो लोकतांत्रिक तरीके से उसी भाषा में जवाब मिलेगा। बिहार में किसी एक खास जाति की दबंगई का दौर खत्म हो चुका है। अब हर समाज बराबरी, सम्मान और अधिकार के साथ जीना चाहता है।’

तेजस्वी जी, अपने समर्थकों को मर्यादा में रखिए। बिहार बदल चुका है। अब दलित समाज डरने वाला नहीं, अपने सम्मान की रक्षा करना जानता है।अगर जीतन राम मांझी जी के किसी सिपाही को डराने-धमकाने की कोशिश हुई, तो लोकतांत्रिक तरीके से उसी भाषा में जवाब मिलेगा।

डॉ. संतोष कुमार सुमन ने यह बातें ऐसे समय में कही है जब हाल ही में गया के बाराचट्टी से हम पार्टी की विधायक ज्योति देवी के काफिले पर कुछ लोगों ने हमला किया था। जाहिर है विधायक पर हमले का यह मामला अब तूल पकड़ने लगा है। बता दें कि केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी की समधन और विधायक ज्योति देवी ने आरोप लगाया था कि हमले के दौरान उनके साथ दुर्व्यवहार भी किया गया था और जाति सूचक शब्द कहे गए थे। विधायक पर हमले को लेकर यह जानकारी सामने आई थी कि मोहनपुर थाना क्षेत्र के गंभीरा गांव के समीप रविवार की शाम बाराचट्टी विधायक ज्योति देवी के साथ असामाजिक तत्वों ने दुर्व्यवहार किया। उनके सुरक्षाकर्मियों से हाथापाई भी की गई थी।

इसके बाद विधायक की शिकायत पर मोहनपुर थाने में सात नामजद सहित 20 अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई थी। विधायक ज्योति देवी ने बताया था कि वह गंभीरा गांव में आयोजित एक सामाजिक समारोह में शामिल होने जा रही थीं। इसी दौरान सिंगल लेन सड़क पर सामने से आ रही एक सवारी गाड़ी को हटाने को लेकर विवाद शुरू हो गया था। सुरक्षाकर्मियों द्वारा गाड़ी पीछे करने का अनुरोध किए जाने पर गाड़ी में सवार लोग उग्र हो गए थे। आरोप है कि उन्होंने सुरक्षाकर्मी धीरज कुमार और सूरज कुमार के साथ हाथापाई की तथा विधायक के सामने जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए दुर्व्यवहार किया था।

इधर केंद्रीय मंत्री जीतनराम मांझी ने भी हिन्दुस्तानी आवाम मोर्चा की बाराचट्टी विधायक ज्योति मांझी पर रविवार को हुए हमले को लेकर नाराजगी जताई है। सोमवार को एक कार्यक्रम के दौरान मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा था कि विधायक पर हमला साजिश के तहत की गई है। उन्होंने कहा कि यदि आठ दिनों के भीतर आरोपितों की गिरफ्तारी नहीं हुई तो हिन्दुस्तानी आवाम मोर्चा आंदोलन करेगी। केंद्रीय मंत्री ने मोहनपुर थाना प्रभारी पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया।

उन्होंने कहा कि घटना के समय यदि पुलिस स्कॉर्ट मौजूद रहती तो ऐसी वारदात नहीं होती। मांझी ने आरोप लगाया कि थाना प्रभारी ने सुरक्षा स्कॉर्ट देने से यह कहकर इंकार कर दिया था कि गाड़ी में तेल नहीं है। उन्होंने सवाल उठाया कि घटना के बाद जब पुलिस मौके पर पहुंची तो गाड़ी में तेल कहां से आ गया। मांझी ने कहा कि पुलिस चाहती तो उसी समय अपराधियों को पकड़ सकती थी, लेकिन हमलावर फरार हो गए। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि महादलित समाज की विधायक होने के कारण ज्योति मांझी के खिलाफ साजिश रची जा रही है।

विधायक ज्योति देवी पर हमले के बाद भारतीय जनता पार्टी की तऱफ से भी प्रतिक्रिया आई है। बीजेपी प्रवक्ता नीरज कुमार ने कहा, ‘तेजस्वी यादव कान खोल कर सुन लीजिए जंगलराज वाले दिन चले गए। जहां जाति विशेष दलित, महादलित पर अत्याचार करते थे। आज एनडीए की सरकार देश में है। नरेंद्र मोदी देश के प्रधानमंत्री हैं। सम्राट चौधरी बिहार के मुख्यमंत्री हैं। बख्षा नहीं जाएगा आपको। कानून का राज है बिहार में। सुशासन का राज है। आप एक दलित महिला जीतन राम मांझी की समधन पर अपने गुर्गों के द्वारा हमला करवाकर क्या साबित करना चाहते हैं? आप सत्ता में नहीं है।

जनता ने आपको विपक्ष में इसीलिए बैठाया है कि आप अपने आप को होश में लाइए। इस तरह से बेहोशी वाली हरकत मत करिए कि किसी दलित जाति की महिला पर हमला करेंगे और लोग सुनते रहेंगे। कार्रवाई भी भुगतने के लिए तैयार रहिए। देख रहे हैं ना ऑपरेशन लंगड़ा चल रहा है। अपने कार्यकर्ताओं को कहिए कि ठीक से रहें नहीं तो जब पुलिसिया कार्रवाई होगी तो चिल्लाइएगा नहीं।’

 

0Shares

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *