कैबिनेट विस्तार के अगले दिन हुई विजय के मंत्रिमंडल में दो नए मंत्रियों की एंट्री, कौन हैं दोनों?

Breaking India News Politics

तमिलनाडु के मुख्यमंत्री विजय की पार्टी टीवीके और कांग्रेस विधायकों का कैबिनेट विस्तार हुआ था। अब दो नए विधायकों को मंत्री बनाया गया है। शुक्रवार को इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग (IUML) और वीसीके के विधायकों ने मंत्री पद की शपथ ली। लोकभवन में आयोजित एक सादे समारोह में राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर द्वारा एएम शाहजहां और वन्नी अरसु को मंत्री पद की शपथ दिलवाई गई। राज्य में टीवीके की गठबंधन सरकार चल रही है, जहां उसे 144 विधायकों का समर्थन प्राप्त है। विजय ने कांग्रेस के दो विधायकों को मंत्री बनाया है, जिसके बाद राज्य में 59 साल बाद कांग्रेस सरकार का हिस्सा बनी है। इस तरह अब गठबंधन के सहयोगियों को दिए गए मंत्रिपद की संख्या बढ़कर चार हो गई।

शाहजहां और वन्नी अरसु दोनों के मंत्रिपद की शपथ लेने के बाद डीएमके नेता ए राजा ने तंज कसा और कहा कि ये दोनों दल साल 2026 के विधानसभा चुनावों तक डीएमके की सहयोगी थीं। कांग्रेस, वीसीके और आईयूएमएल लंबे समय से पिछली डीएमके सरकार का हिस्सा थीं। इस बार विजय की टीवीके द्वारा 108 सीटें जीतने के बाद तीनों ने टीवीके को सपोर्ट करने का फैसला किया। इससे बहुमत हासिल होने में मदद मिली। वहीं, विश्वास मत के दौरान एआईएडीएमके के 25 विधायकों ने भी टीवीके के पक्ष में वोटिंग की।

पापनासम विधानसभा सीट से जीतने वाले शाहजहां और टिंडीवनम क्षेत्र से विजयी हुए वन्नी अरसु ने, लोक भवन में मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय की मौजूदगी में, पद और गोपनीयता की शपथ ली। विजय के नेतृत्व वाले मंत्रिमंडल में इन 2 विधायकों के शामिल होने से मंत्रियों की कुल संख्या (मुख्यमंत्री सहित) 35 हो गई है, जो संविधान के तहत अनुमत अधिकतम सीमा है। एएम शाहजहां को अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री बनाया गया, जबकि वीसीके नेता वन्नी अरसु को सामाजिक न्याय मंत्री बनाया गया।

शपथ ग्रहण से पहले, वीसीके प्रमुख थोल थिरुमावलवन ने कहा कि उनकी पार्टी में ज्यादातर लोगों की राय थी कि वीसीके को कैबिनेट में शामिल किया जाना चाहिए। तमिलनाडु में गठबंधन वाली सरकार बनाने की वकालत करने वाली उनकी पार्टी पहली पार्टी थी। उन्होंने कहा, ”1999 में, जब हम मूपनार के साथ चुनावी राजनीति में शामिल थे, तब हमने सरकार में हिस्सेदारी और कैबिनेट में प्रतिनिधित्व का प्रस्ताव रखा था। यह पहली बार है जब गठबंधन सरकार का मॉडल पेश किया जा रहा है। इसलिए, तमिलगा वेट्री कजगम की ओर से मिले न्योते, और साथ ही पार्टी के लंबे समय के विजन को ध्यान में रखते हुए, पार्टी के ज्यादातर पदाधिकारियों ने यह राय रखी है कि यह फैसला लिया जाना चाहिए।”

 

0Shares

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *