वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय परिसर में संचालित डिप्लोमा, स्नातक और स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों में प्रवेश प्रक्रिया अंतिम चरण में पहुंच गई है।कई पाठ्यक्रमों में पहली काउंसलिंग के बाद सीटें भर चुकी हैं, जबकि रिक्त सीटों का पाठ्यक्रमवार ब्योरा और दूसरी काउंसलिंग की तारीख जारी नहीं होने से प्रवेश के इच्छुक विद्यार्थी अगली सूचना का इंतजार कर रहे हैं।
प्रवेश परीक्षा में शामिल होने के बावजूद पहली काउंसलिंग में प्रवेश से वंचित विद्यार्थी दूसरी काउंसलिंग की उम्मीद लगाए हैं।उन्हें रिक्त सीटों पर प्रवेश का अवसर मिलने की उम्मीद है। वहीं, ऐसे अभ्यर्थी भी विश्वविद्यालय की अगली सूचना की प्रतीक्षा कर रहे हैं, जिन्होंने प्रवेश के लिए आवेदन किया था, लेकिन प्रवेश परीक्षा में शामिल नहीं हो सके।
इसके अलावा पात्रता के आधार पर सीधे प्रवेश लेने के इच्छुक विद्यार्थियों को भी आगे की प्रक्रिया स्पष्ट होने का इंतजार है। विद्यार्थियों का कहना है कि पाठ्यक्रमवार रिक्त सीटों का विवरण वेबसाइट पर उपलब्ध होने से उन्हें प्रवेश के अवसरों की सही जानकारी मिल सकेगी। इससे वे अपनी योग्यता और पसंद के अनुसार पाठ्यक्रम का चयन कर समय रहते अगली प्रक्रिया में शामिल हो सकेंगे।
रिक्त सीटों की संख्या स्पष्ट नहीं होने से विद्यार्थियों के लिए यह तय करना मुश्किल हो रहा है कि किन पाठ्यक्रमों में प्रवेश की संभावना है।पहली काउंसलिंग के बाद खाली हुई सीटों को भरने के लिए दूसरी काउंसलिंग कब होगी, इसे लेकर भी विद्यार्थियों में उत्सुकता है।
दूसरी ओर, विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार दीक्षा समारोह के बाद रिक्त सीटों के लिए दोबारा काउंसलिंग कराई जाएगी। इससे पहली काउंसलिंग में प्रवेश से वंचित और अन्य पात्र अभ्यर्थियों को रिक्त सीटों पर प्रवेश का अवसर मिल सकेगा।

