सीएम योगी आदित्यनाथ ने सिक्सलेन फ्लाईओवर समेत 995 करोड़ रुपये की परियोजनाओं की सौगात दी

Breaking India News Uttar Pradesh

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गुरुवार (23 जुलाई) को सिक्सलेन फ्लाईओवर सहित गोरखपुर को 995 करोड़ रुपये के विकास कार्यों की सौगात दी। उन्होंने फीता काट कर टीपीनगर-पैडलेगंज मार्ग पर बने सिक्सलेन फ्लाईओवर का उद्घाटन किया। उसके बाद पंचमुखी हनुमान मंदिर के समक्ष फोरलेन पर लगे मंच से 813.52 करोड़ रुपये की चार विकास परियोजना का लोकार्पण और 181.77 करोड़ रुपये की लागत वाली 10 विकास परियोजनाओं का शिलान्यास किया।

लोकार्पण की दो सबसे महत्वपूर्ण परियोजनाएं फ्लाईओवर और फोरलेन सड़क की है। इससे यातायात सुगमता के हो रहे विस्तार में नई कड़ी जुड़ जाएगी। टीपीनगर-पैडलेगंज मार्ग पर 2.6 किमी की लंबाई वाले और गोरखपुर के पहले सिक्सलेन फ्लाईओवर से अंतर्जनपदीय कनेक्टिविटी को नया आयाम मिला है।

इस फ्लाईओवर के जन समर्पित हो जाने से संतकबीरनगर, बस्ती, अयोध्या, लखनऊ, वाराणसी, प्रयागराज, आजमगढ़, कुशीनगर, देवरिया, बिहार, महराजगंज और नेपाल तक आने-जाने वाले लोगों की यात्रा काफी सुविधाजनक हो गई है। इसके अलावा पैडलेगंज चौक से फिराक गोरखपुरी चौक तक मार्ग के फोरलेन में परिवर्तित हो जाने से महानगर की आंतरिक रोड कनेक्टिविटी में सुगमता बढ़ गई है। लोकार्पण की अन्य दो परियोजनाओं में एक (गुलरिहा थाने में हॉस्टल/बैरक निर्माण) पुलिसिंग को मजबूत करने की है। जबकि लोकार्पण की दूसरी परियोजना एयरपोर्ट टर्मिनल विस्तार के लिए एयरफोर्स स्टेशन परिसर में पहले अवस्थित रहे एमईएस ऑफिस की शिफ्टिंग की है।

सीएम योगी आदित्यनाथ ने 10 विकास परियोजनाओं का भी शिलान्यास किया। इनमें यातायात सुगमता बढ़ाने के लिए नंदानगर पुलिस चौकी-शमशेर गेट मार्ग पर अंडरपास और सर्विस रोड, महिला सशक्तिकरण के लिए मुख्यमंत्री श्रमीजीवी महिला छात्रावास, प्राविधिक शिक्षा को अद्यतन ज्ञान से जोड़ने के लिए राजकीय महिला पॉलिटेक्निक में सेंटर ऑफ एक्सीलेंस के साथ ही गोरखपुर विश्वविद्यालय चौक के समीप साइंस म्यूजियम का निर्माण प्रमुख रूप से शामिल हैं।

सीएम योगी इन विकास कार्यों का करेंगे लोकार्पण

1-टीपीनगर-पैडलेगंज मार्ग पर सिक्सलेन फ्लाईओवर (देवरिया बाईपास तिराहा को भी फ्लाईओवर से जोड़ते हुए), लागत 429 करोड़ 49 लाख 39 हजार रुपये।

2-पैडलेगंज चौराहे से फिराक गोरखपुरी चौराहा तक मार्ग का फोरलेन में चौड़ीकरण, लागत 277 करोड़ 77 लाख 94 हजार रुपये।

एयरफोर्स स्टेशन परिसर स्थित एमईएस ऑफिस कॉम्प्लेक्स की शिफ्टिंग का कार्य, लागत 103 करोड़ 51 लाख 17 हजार रुपये।

4-थाना गुलरिहा के 48 क्षमता हॉस्टल/बैरक एवं विवेचना कक्ष का निर्माण, लागत 2 करोड़ 74 लाख 4 हजार रुपये।

इन विकास परियोजनाओं का शिलान्यास करेंगे मुख्यमंत्री

1-महिला सशक्तिकरण के अंतर्गत मुख्यमंत्री श्रमजीवी महिला छात्रावास का निर्माण, लागत 47 करोड़ 38 लाख 47 हजार रुपये।

2-नंदानगर पुलिस चौकी से शमशेर गेट तक मार्ग में पड़ने वाले लेवल क्रॉसिंग हेतु अंडरपास एवं सर्विस रोड, लागत 73 करोड़ 64 लाख 49 हजार रुपये।

3-राज्य स्मार्ट सिटी योजना अंतर्गत विश्वविद्यालय चौक के समीप साइंस म्यूजियम का निर्माण, लागत 49 करोड़ 60 लाख 49 हजार रुपये।

4-टाटा टेक्नोलॉजी लिमिटेड के सहयोग से राजकीय महिला पॉलिटेक्निक में सेंटर ऑफ एक्सीलेंस का निर्माण, 7 करोड़ 6 लाख 75 हजार रुपये।

5-डिपो कार्यशाला राप्तीनगर स्थित टायर शॉप का उच्चीकरण, लागत 2 करोड़ 46 लाख 99 हजार रुपये।

6-वार्ड नं. 18 पवन विहार में सीसी रोड का निर्माण, लागत 49 लाख 72 हजार रुपये।

7-वार्ड नं. 25 गिरधरगंज में सीसी रोड का निर्माण, लागत 23 लाख 46 हजार रुपये।

8-वार्ड नं. 20 लच्छीपुर में सीसी रोड व नाली का निर्माण, लागत 48 लाख 99 हजार रुपये।

9-मोहल्ला नंदानगर दरगहिया में सीसी रोड व नाली का निर्माण, लागत 8 लाख 9 हजार रुपये।

10-वार्ड नं. 70 चंद्रशेखर आजाद नहर में सीसी रोड व नाली का निर्माण, लागत 29 लाख 56 हजार रुपये।

 

0Shares

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *