August 14, 2026

अब बच्चों के साथ बैठकर मिड-डे मील खाएंगे अधिकारी, रोजाना होगी स्कूलों की जांच; आदेश जारी

मध्यान्ह भोजन योजना के तहत परिषदीय विद्यालयों में विद्यार्थियों को निर्धारित मानक एवं मेन्यू के अनुसार गर्म और गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराने की व्यवस्था की अब और सख्ती से निगरानी होगी।

जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल ने जनपद एवं ब्लॉक स्तरीय टास्कफोर्स के सभी अधिकारियों को निर्धारित लक्ष्य के अनुसार विद्यालयों का नियमित निरीक्षण करने और विद्यार्थियों के साथ बैठकर भोजन ग्रहण करने का निर्देश दिया है। यह व्यवस्था तत्काल प्रभाव से लागू कर दी गई है।

शासन के निर्देशानुसार जिले के 1710 परिषदीय विद्यालयों में मध्यान्ह भोजन योजना के पर्यवेक्षण के लिए जनपद एवं ब्लॉक स्तरीय टास्कफोर्स गठित है, जो अबतक माह भर में कुल पांच निरीक्षण ही करती रहीं हैं। जिलाधिकारी ने निर्देश दिया है, कि टास्कफोर्स के सभी अधिकारी निर्धारित लक्ष्य के अनुसार विद्यालयों का निरीक्षण करते हुए बच्चों के साथ बैठकर भोजन करेंगे।

विशेष रूप से सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को अपने क्षेत्र के न्यूनतम एक विद्यालय का प्रतिदिन निरीक्षण कर विद्यार्थियों के साथ भोजन करने को कहा गया है। निरीक्षण के दौरान अधिकारी द्वारा बच्चों के साथ भोजन ग्रहण करने का जियो टैग फोटोग्राफ भी उपलब्ध कराना होगा।

संबंधित टास्कफोर्स अधिकारी एवं खंड शिक्षा अधिकारी यह फोटोग्राफ जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को व्हाट्सएप के माध्यम से भेजेंगे। इसके बाद जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी सभी प्राप्त फोटोग्राफ को संकलित कर जिलाधिकारी को प्रेषित करेंगे।

जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी सुरजीत सिंह ने बताया कि यह प्रक्रिया सर्वाधिक नामांकन वाले विद्यालयों से शुरू की जाएगी और इसके बाद नियमित रूप से संचालित होगी। इससे विद्यालयों में भोजन की गुणवत्ता, निर्धारित मेन्यू और मानकों के अनुपालन की जमीनी स्तर पर निगरानी सुनिश्चित की जा सकेगी।

0Shares

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.