August 4, 2026

‘न हमारा समर्थन, न सरोकार’; शेख हसीना के इवेंट से बौखलाए बांग्लादेश को भारत ने दिखाया आईना

  • बुधवार (5 अगस्त) को बंगलादेश की अपदस्थ पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना के कार्यक्रम को रोकने की बांग्लादेश की गुहार पर भारत ने ढाका को दो टूक संदेश दिया है। भारत ने कहा है कि बुधवार को राजधानी में बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना से जुड़े प्रस्तावित मीडिया कार्यक्रम में उसकी कोई भूमिका नहीं है। सरकार ने ज़ोर देकर कहा कि इसे एक “निजी मीडिया संस्था” आयोजित कर रही है और नई दिल्ली वहां व्यक्त किए जाने वाले किसी भी विचार का समर्थन नहीं करती है।

    हर दो हफ़्ते में होने वाली मीडिया ब्रीफिंग को संबोधित करते हुए, विदेश मंत्रालय (MEA) के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा कि सरकार की इस कार्यक्रम में कोई भूमिका नहीं है। यह बयान बांग्लादेश द्वारा शेख हसीना के 5 अगस्त को नई दिल्ली में ‘फॉरेन कॉरेस्पोंडेंट्स क्लब [FCC] ऑफ साउथ एशिया’ द्वारा आयोजित कार्यक्रम में प्रस्तावित संबोधन पर चिंता जताए जाने के बाद आया है। जायसवाल ने कहा, “आप जिस बातचीत का ज़िक्र कर रहे हैं, उसे एक निजी मीडिया संस्था आयोजित कर रही है। इसमें सरकार की कोई भूमिका नहीं है। न ही सरकार उस मंच पर व्यक्त किए जाने वाले किसी भी विचार का समर्थन करती है।”

    बांग्लादेश ने जताई थी द्विपक्षीय संबंधों पर चिंता

    बांग्लादेश ने उन खबरों पर भारत के सामने चिंता जताई थी कि शेख हसीना 5 अगस्त को एक वर्चुअल संबोधन देने वाली हैं। बांग्लादेश का कहना है कि इस कार्यक्रम से दोनों देशों के बीच हाल ही में बेहतर हुए संबंधों पर बुरा असर पड़ सकता है। इतना ही नहीं, बांग्लादेश ने बार-बार उनके प्रत्यर्पण की भी मांग की है, जिसमें नवंबर 2025 में किया गया औपचारिक अनुरोध भी शामिल है। इस अनुरोध को इस साल अप्रैल में बांग्लादेश के विदेश मंत्री खलीलुर रहमान की भारत यात्रा के दौरान फिर से दोहराया गया था।

    सोमवार को ढाका ने उठाया था मुद्दा

    यह मुद्दा सोमवार को बांग्लादेश के विदेश मामलों के सलाहकार हुमायूं कबीर और ढाका में भारत के नवनियुक्त उच्चायुक्त दिनेश त्रिवेदी के बीच हुई बैठक में उठाया गया था। बता दें कि बंगलादेश ने भारत से पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना को भारतीय क्षेत्र से 5 अगस्त को सार्वजनिक बयान देने से रोकने का आग्रह किया था। इसके साथ ही बंगलादेश ने चेतावनी दी है कि ऐसी गतिविधियों से दोनों देशों के बीच हाल ही में बेहतर हुए संबंधों पर बुरा असर पड़ सकता है।

    तारिक रहमान को भेजा गया है न्यौता

    एक अन्य सवाल का जवाब देते हुए जायसवाल ने कहा कि बांग्लादेश के प्रधानमंत्री तारिक रहमान को फरवरी 2026 में पद संभालने पर भारत की द्विपक्षीय यात्रा के लिए औपचारिक निमंत्रण भेजा गया था। उन्होंने आगे कहा, “जहां तक ​​ब्रिक्स (BRICS) शिखर सम्मेलन की बात है, भारत ने BIMSTEC के मौजूदा अध्यक्ष के तौर पर बांग्लादेश के प्रधानमंत्री को नई दिल्ली में 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के आउटरीच सत्र में शामिल होने के लिए अलग से निमंत्रण भेजा है।” उन्होंने कहा, “BRICS में आउटरीच सेशन के लिए अपनाए जाने वाले आम तरीके के तहत ही यह निमंत्रण भेजा गया है। इसी तरह क्षेत्रीय समूहों के अन्य प्रमुखों को भी आमंत्रित किया गया है।”

0Shares

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.