NDA के साथ फिर आएगा पुराना साथी? पीएम मोदी से मिले सुखबीर बादल; हो सकता है गठबंधन
पंजाब विधानसभा चुनाव में अब करीब 4 महीने का समय बचा है। इस से पहले राजनीतिक दल जोड़ तोड़ में लगे हैं। शिरोमणि अकाली दल के प्रधान सुखबीर सिंह बादल ने दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। इस मुलाकात के बाद पंजाब की राजनीति गर्मा गई है। मुलाकात से भाजपा-अकाली दल के पुराने गठबंधन की वापसी की चर्चा फिर शुरू हो गई है।
सुखबीर सिंह बादल ने पीएम से मुलाकात के बाद कहा कि पंजाब की कानून व्यवस्था को लेकर बातचीत हुई है। इसके साथ साथ राज्य की सरकारी योजनाओं में भ्रष्टाचार को लेकर भी बात रखी है। हालांकि बैठक का आधिकारिक एजेंडा सार्वजनिक नहीं किया गया है, लेकिन इसे पंजाब की राजनीति के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
भाजपा और शिरोमणि अकाली दल का गठबंधन तीन बार राज्य में सरकार बना चुका है। लेकिन किसानों के मुद्दे पर सितंबर 2020 में गठबंधन टूट गया। इसके बाद 2022 के विधानसभा चुनाव में अकाली दल और बीजेपी दोनों अलग अलग लड़ी और दोनों बुरी तरह हारी। संसद के मानसून सत्र के दौरान हुई इस मुलाकात ने पंजाब की राजनीति में एक बार फिर हलचल बढ़ा दी है। प्रधानमंत्री से मुलाकात के बाद भारतीय जनता पार्टी और शिरोमणि अकाली दल के बीच संभावित गठबंधन को लेकर राजनीतिक गलियारों में चर्चाएं तेज हो गई हैं।
