October 22, 2026

अखिलेश ने आजम को जेल भिजवाया, अब मिलने जा रहे; ओपी राजभर ने सपा अध्यक्ष को घेरा

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की आजम खान से मुलाकात को लेकर यूपी की राजनीति गरमा गई है। योगी सरकार में मंत्री और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर ने इस मुलाकात पर निशाना साधते हुए कहा कि आजम खान को जेल अखिलेश यादव ने भिजवाया था। अब उनसे मिलने जाना केवल चुनावी जुमला पैदा करने की कोशिश है। राजभर ने आरोप लगाया कि अखिलेश यादव आजम खान के सहारे मुस्लिम वोट हासिल करने की तैयारी कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि अब मुस्लिम समाज के लोग चाहते हैं कि अखिलेश यादव मुस्लिम मुख्यमंत्री घोषित करें, तभी उन्हें वोट मिलेंगे।

अखिलेश यादव आज दोपहर रामपुर पहुंचकर जिला जेल में आजम खान से मुलाकात करेंगे। इसके बाद उनके आजम खान के आवास पर जाकर परिजनों से मिलने का भी कार्यक्रम है। करीब एक साल 14 दिन बाद दोनों नेताओं की मुलाकात होने जा रही है। इससे पहले अखिलेश यादव आठ अक्टूबर 2025 को रामपुर आए थे और आजम खान से मिले थे। ऐसे में इस मुलाकात को आगामी चुनावों के मद्देनजर राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

सपा नगर अध्यक्ष आसिम राजा ने बताया कि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेल में बंद आजम खान से मुलाकात करेंगे। उन्होंने कहा कि इससे पहले पिछले साल आजम खान से उनके घर पर मुलाकात हुई थी। इस बार की मुलाकात का क्या एजेंडा है, यह अखिलेश यादव ही बता सकते हैं। वहीं, रामपुर के सपा जिलाध्यक्ष अजय सागर ने कहा कि अखिलेश यादव के आगमन को लेकर सभी तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। वह जिला जेल में आजम खान से मुलाकात करने के बाद उनके आवास पर जाकर परिजनों से भी मिलेंगे।

अखिलेश यादव के दौरे को देखते हुए रामपुर पुलिस ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं। उनके हेलीकॉप्टर के जौहर यूनिवर्सिटी स्थित हेलीपैड पर उतरने से लेकर जिला जेल और आजम खान के आवास तक सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की गई है। प्रमुख चौराहों और संवेदनशील स्थानों पर पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। आजम खान से अखिलेश यादव की यह मुलाकात ऐसे समय हो रही है, जब प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो रही हैं। आपको बता दें 2022 के विधानसभा चुनाव में रामपुर जिले की पांच में से तीन सीटों पर सपा जीती थी।

0Shares

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.