November 13, 2026

छठ पूजा पर फेल हुए यूपी रोडवेज के दावे, निजी बसों से महंगे किराए पर यात्रा करने को मजबूर पूर्वांचल के लोग

महापर्व छठ पर अपने घर जाने वाले पूर्वांचल और बिहार के हजारों लोगों को इस बार भी रोडवेज की बदहाल व्यवस्था के चलते निराशा मिली है। नोएडा और ग्रेटर नोएडा से पूर्वांचल के प्रमुख जिलों के लिए एक भी सीधी बस सेवा उपलब्ध नहीं है।

हर साल त्योहारों पर अतिरिक्त बसें चलाने के दावे करने वाला उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम (यूपीएसआरटीसी) इस बार भी यात्रियों को पर्याप्त सुविधा देने में नाकाम साबित हुआ है। ऐसे में यात्रियों को गाजियाबाद की बसों के भरोसे रहना पड़ रहा है या फिर मजबूरी में निजी बसों से महंगे किराए पर सफर करना पड़ रहा है।

नोएडा और ग्रेटर नोएडा में पूर्वांचल और बिहार के लोगों की एक बड़ी आबादी रहती है, जो हर साल छठ पूजा पर अपने गांव जाती है। नोएडा से केवल लखनऊ तक के लिए ही बसें उपलब्ध हैं। पूर्वांचल के गोरखपुर, बलिया, देवरिया, आजमगढ़, वाराणसी और प्रयागराज जैसे प्रमुख जिलों के लिए यहां से कोई सीधी बस सेवा नहीं है।

व्यवस्था के नाम पर गाजियाबाद से नोएडा होकर केवल छह बसें ही गुजरती हैं, लेकिन इनमें से अधिकांश बसें साहिबाबाद डिपो से ही पूरी तरह भरकर आती हैं। ऐसे में सेक्टर-37 और मोरना बस अड्डे पर घंटों इंतजार करने के बाद भी यात्रियों को सीट तो दूर, बस में पैर रखने तक की जगह नहीं मिल पाती।

विभाग की इस लापरवाही का सीधा फायदा निजी बस संचालक उठा रहे हैं। त्योहारी सीजन की भीड़ को देखते हुए निजी बस संचालक यात्रियों से तीन से चार गुना तक अतिरिक्त किराया वसूल रहे हैं। परिवार और बच्चों के साथ सफर करने वाले लोगों के पास जेब ढीली करने के अलावा कोई दूसरा विकल्प नहीं बचा है। वहीं हर वर्ष यह दावा किया जाता है कि दिवाली से छठ तक स्पेशल बस सुविधाएं दी जाएंगी।

नोएडा डिपो के सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक (एआरएम) रोहिताश कुमार का कहना है कि नोएडा की बसों का परमिट मुख्य रूप से लखनऊ और आसपास के मार्गों तक ही सीमित है। उन्होंने बताया कि यात्रियों की भीड़ को देखते हुए लखनऊ रूट पर बसों के फेरे बढ़ाए गए हैं और गाजियाबाद रीजन से आने वाली बसों को नोएडा होकर गुजारने की व्यवस्था की गई है, जिससे यात्रियों को लखनऊ से आगे के लिए बसें मिल सकें।छठ पूजा के दौरान यात्रियों की सुविधा के मद्देनजर दिल्ली और बिहार सरकार ने दोनों राज्यों के बीच बस सेवाएं संचालित करने का निर्णय लिया है। इसके तहत शुरुआती चरण में 77 बसों का संचालन किया जा रहा है, जिससे त्योहार पर अपने घर लौटने वाले यात्रियों को किफायती और सुविधाजनक यात्रा उपलब्ध कराई जा सके।

0Shares

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.