November 13, 2026

मेरठ में कल सियासी और सामाजिक शक्ति प्रदर्शन, सीएम योगी और ओवैसी करेंगे शिरकत

क्रांतिधरा मेरठ में 14 नवंबर को राजनीतिक और सामाजिक गतिविधियों का बड़ा केंद्र बनने जा रहा है। शहर में दो बड़े कार्यक्रम आयोजित होंगे, जिनमें प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी शिरकत करेंगे। एक ओर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पूर्व सैनिकों, वीरांगनाओं और शहीदों के परिजनों का सम्मान करेंगे। वहीं दूसरी ओर नौचंदी मैदान में ओवैसी जनसभा को संबोधित कर सियासी ताकत दिखाएंगे। इन दोनों कार्यक्रमों को लेकर शहर में तैयारियां तेज हो गई हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कार्यक्रम की जानकारी देते हुए राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार डॉ. सोमेंद्र तोमर ने बताया कि पूर्व सैनिकों के महासम्मेलन में मुख्यमंत्री शामिल होंगे।

इस दौरान वीर सैनिकों, वीरांगनाओं और शहीदों के परिजनों को सम्मानित किया जाएगा। इसके साथ ही मुख्यमंत्री मेरठ से ही प्रदेश के आठ जिलों में नवनिर्मित पूर्व सैनिक कल्याण निगम के जिला कार्यालयों का वर्चुअल उद्घाटन करेंगे। इन कार्यालयों के शुरू होने से पूर्व सैनिकों को स्थानीय स्तर पर सुविधाएं और सेवाएं उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।

वहीं, दूसरा बड़ा आयोजन नौचंदी मैदान में होने जा रहा है। यहां एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी जनसभा को संबोधित करेंगे। इस रैली में आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के प्रमुख चंद्रशेखर आजाद के भी शामिल होने की संभावना जताई जा रही है। गुरुवार को एआईएमआईएम और आजाद समाज पार्टी के बीच गठबंधन की घोषणा के बाद उत्तर प्रदेश में दोनों दलों की यह पहली बड़ी संयुक्त सियासी गतिविधि मानी जा रही है। ऐसे में रैली को लेकर राजनीतिक गलियारों में भी खासा उत्साह और चर्चा है। एआइएमआइएम के इमरान अंसारी, मीडिया प्रभारी फजल करीम, आजाद समाज पार्टी के वरिष्ठ नेता बाबर चौहान खरदौनी ने बताया कि दोनों दलों के नेता मंच साझा कर सकते हैं, जबकि बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं और समर्थकों के पहुंचने की उम्मीद है।

एक ही दिन शहर में मुख्यमंत्री और विपक्षी गठबंधन के प्रमुख नेताओं के कार्यक्रम होने से मेरठ का सियासी माहौल गर्म रहने के आसार हैं। वीआईपी आगमन और दोनों आयोजनों में बड़ी संख्या में लोगों की संभावित भागीदारी को देखते हुए प्रशासन और पुलिस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। सुरक्षा, यातायात और कानून-व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरती जा रही है। कुल मिलाकर शनिवार को मेरठ में एक तरफ पूर्व सैनिकों के सम्मान और कल्याण से जुड़ा आयोजन होगा, तो दूसरी तरफ सियासी गठबंधन की ताकत का प्रदर्शन देखने को मिलेगा।

0Shares

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.