November 13, 2026

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव: एनडीए में कब होगा सीटों का बंटवारा? साथी दलों को पिछली बार से दोगुनी सीट दे सकती है बीजेपी

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में एनडीए सीट शेयरिंग में किस दल को कितनी सीटें मिलेंगी, यह चर्चा का विषय बना हुआ है। अंग्रेजी अखबार टाइम्स ऑफ इंडिया की खबर में सूत्रों के हवाले से बताया गया कि बीजेपी आने वाले चुनावों में अपने साथियों को 60 से 70 सीटें दे सकती हैं। यह पिछले विधानसभा चुनाव के मुकाबले दोगुनी से ज्यादा हैं।

अगर ऐसा होता है तो बीजेपी राज्य में 330 से 340 सीटों पर चुनाव लड़ेगी। पिछली बार बीजेपी ने 376 सीटों पर अपने प्रत्याशी उतारे थे और 27 सीटें अपने दो सहयोगियों – अपना दल (एस) और निषाद पार्टी को दी थीं।

तब अनुप्रिया पटेल की पार्टी अपने दल (एस) के हिस्से में 17 सीटें आई थीं और 12 सीटों पर उसके प्रत्याशी जीतने में सफल रहे जबकि निषाद पार्टी ने दस सीटों पर चुनाव लड़ा और वह छह पर जीत हासिल करने में सफल रही।

हालांकि इस बार यूपी में एनडीए का कुनबा पिछली बार के मुकाबला बढ़ चुका है। जयंत चौधरी की पार्टी राष्ट्रीय लोकदल और ओपी राजभर की पार्टी सुहेलदेव समाज पार्टी में बीजेपी के साथ मिलकर चुनाव लड़ने जा रही हैं। इन दोनों दलों ने साल 2022 का चुनाव समाजवादी पार्टी के साथ मिलकर लड़ा था।

सपा के साथ गठबंधन में रालोद ने 33 सीटों पर चुनाव लड़ा था और वह आठ सीटें जीतने में सफल रही थी। अखिलेश ने सुभासपा को 19 सीटें दी थीं लेकिन उन्हें सिर्फ छह सीटों पर कामयाबी मिली। ये दोनों दल लोकसभा चुनाव 2024 से ठीक पहले सपा का साथ छोड़ एनडीए में शामिल हो गए।

टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के अनुसार, आने वाले दिनों में बीजेपी हाईकमान द्वारा सीट शेयरिंग को लेकर औपचारिक ब्लूप्रिंट एग्रीमेंट जारी किया जा सकता है। सूत्रों के हवाले से रिपोर्ट में कहा गया है कि अमित शाह और नितिन नवीन सीट शेयरिंग को लेकर साथी दलों से बातचीत शुरू कर चुके हैं।

एनडीए सीट शेयरिंग में इस बार नजरें रालोद और सुभासपा को मिलने वाली सीटों पर होंगी। लोकसभा चुनाव में बीजेपी ने रालोद को दो सीटें दी थीं और वह दोनों जीतने में सफल रही जबकि सुभासपा को मिली एकमात्र सीट (घोसी लोकसभा), वह हार गई थी।

राष्ट्रीय लोकदल को पश्चिमी यूपी की पार्टी कहा जाता है। वह यूपी वेस्ट में अपने प्रभाव वाले इलाकों के अलावा पूर्वी यूपी की कुछ सीटों पर भी नजरें लगाए हुए हैं। हालांकि वह एकजुटता दिखाने के लिए बीजेपी के साथ मिलकर काम कर रही है।

RLD के प्रदेश अध्यक्ष एश्वर्य राज सिंह ने कहा कि उन्हें बीजेपी से सम्मानजनक सीटों की उम्मीद है। रालोद सूत्रों के हवाले से रिपोर्ट में बताया गया है कि यूपी वेस्ट में उनकी पार्टी 20 से 25 सीटों की उम्मीद कर रही है।

इसी तरह सुभासपा भी ‘अच्छी संख्या’ में सीटों पर दावेदारी कर रही है। पार्टी के राष्ट्रीय सचिव अरविंद राजभर ने टाइम्स ऑफ इंडिया को बताया कि सुभासपा कम से कम 85 सीटों पर मेहनत कर रही है और उम्मीद कर रही है कि उसके हिस्से में 25 सीटें आएंगी। हालांकि सूत्रों का कहना है कि उन्हें अधिकतम बीस सीटें ही दी जाएंगी।

रिपोर्ट में सूत्रों के हवाले से यह भी दावा किया गया है कि बीजेपी अपने सहयोगी दलों के कुछ प्रत्याशियों के अपने सिंबल पर भी चुनाव लड़ा सकती है। सीट शेयरिंग के विषय पर यूपी बीजेपी के प्रवक्ता आनंद दुबे ने कहा कि इस विषय में जल्द ही पार्टी हाईकमान द्वारा फैसला किया जाएगा और सहयोगी दलों के हिस्से में सम्मानजनक सीटें आएंगी।

सियासी जानकारों का मानना है कि अगर बीजेपी यह कदम उठाती है तो निश्चित ही वह सामाजिक  गठबंधन को बनाए रखने और बढ़ाने के लिए ज्यादा सीटों छोड़ने की अपनी इच्छा का संकेत देना चाहेगी।

अपना दल (एस) और निषाद पार्टी ने जहां खुद को राज्य में बीजेपी के सहयोगी दलों के रूप में स्थापित कर लिया है, वहीं रालोद और सुभासपा के साथ लड़ने से उसे राज्य की विशेष सीटों पर जातीय समीकरण साधने में मदद मिलेगी। रालोद जहां यूपी वेस्ट में बीजेपी को जाट वोटों को पूरी तरह साधने में मदद करेगी तो वहीं सुभासपा पूर्वी यूपी के राजभर बहुल इलाकों में मददगार साबित हो सकती है।

बीजेपी को पूर्वी यूपी में लोकसभा चुनाव 2024 में बड़ा झटका लगा था। उसे OBC और दलित आबादी वाले कई निर्वाचन क्षेत्रों में हार का सामना करना पड़ा था। यहां मिली सफलता से उत्साहित होकर सपा ने अपने PDA कार्ड को और धार दी है। ऐसे में सहयोगियों को साथ रखना बीजेपी के लिए और ज्यादा महत्वपूर्ण हो गया है।

0Shares

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.