क्या यूपी के BJP सांसद जगदंबिका पाल ने अपने समर्थकों से मारपीट करने के लिए कहा? अपना दल विधायक के समर्थकों से हुआ था विवाद
बीजेपी सांसद जगदंबिका पाल एक बार फिर विवादों में घिर गए हैं। उनके कुछ वीडियो सामने आए हैं जिनमें वे कथित तौर पर अपने समर्थकों को लोगों की पिटाई करने के लिए उकसाते दिख रहे हैं। हालांकि जगदंबिका पाल ने इन आरोपों का खंडन करते हुए कहा है कि इस ‘उग्रवाद’ में शामिल लोग उनके समर्थक नहीं थे।
तीन दिन पहले 21 नवंबर कोक डुमरियागंज सांसद जगदंबिका पाल और सहयोगी अपना दल (एस) विधायक विनय वर्मा के समर्थकों के बीच सिद्धार्थनगर जिले के बढ़नी में लगभग 20 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) के शिलान्यास समारोह को लेकर झड़प हुई थी। विधायक विनय वर्मा के समर्थक समारोह के आधिकारिक प्रोटोकॉल से विधायक का नाम कथित तौर पर हटाए जाने से नाराज थे।
एक स्थानीय भाजपा नेता पर भी हमला किया गया। कथित तौर पर सांसद जगदंबिका पाल के साथ आए लोगों ने उन्हें विधायक का समर्थक समझ लिया था। भाजपा नेता ने अपने पार्टी सांसद जगदंबिका पाल के कथित समर्थकों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है।
