November 25, 2026

बात सीट की नहीं… ऑफर पर अखिलेश कायम, कांग्रेस से कहा- जीतने वाली सीटों की लिस्ट भेजिए

उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच गठबंधन की बातचीत में अड़चन पैदा हो गई है। सपा की ओर से कांग्रेस को केवल 26 सीटें ऑफर किए जाने से प्रदेश कांग्रेस के कई नेताओं में नाराजगी बढ़ने की बात सामने आ रही है। ऐसे में सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव खुद सामने आए और इस ऑफर का खुला बचाव किया। मंगलवार को अखिलेश यादव ने कहा कि दोनों पार्टियों को सीटों की संख्या गिनने के बजाय ‘जीत के समीकरण’ पर ध्यान देना चाहिए। उनका कहना था कि अगर दोनों दल सौहार्द और सूझबूझ के साथ काम करेंगे तो उत्तर प्रदेश में गठबंधन की सरकार बन सकती है और उसके बाद केंद्र में भी सत्ता बदलाव संभव है। उन्होंने साफ कहा कि जीती हुई सीट ही असली सम्मान दिलाती है, इसलिए सीटों का सिर्फ बंटवारा नहीं, बल्कि सही समायोजन जरूरी है।

अखिलेश यादव ने कांग्रेस से आग्रह किया कि 26 सीटों के अलावा जिन अन्य सीटों पर कांग्रेस लड़ना चाहती है या जिन पर वह उम्मीदवार खड़ा कर सकती है, उनकी पूरी सूची भी भेज दें। उन्होंने कहा कि इसके बाद दोनों दल मिलकर बैठकर तय कर सकते हैं कि किस सीट पर किस पार्टी का उम्मीदवार जीतने की बेहतर स्थिति में है।

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अपनी लंबी पोस्ट में अखिलेश यादव ने लिखा कि दोनों पक्षों को आपसी समझदारी से काम करना चाहिए। उन्होंने कहा कि हम सौहार्द और सूझबूझ से यह कर भी दिखाएंगे। इसी आशा के साथ आप-हम ‘सीट की जगह जीत के समीकरण’ पर विचार करें, जिससे हम जीतें और उत्तर प्रदेश में अपनी सरकार आए और फिर दिल्ली में भी ऐसा हो। इस दौरान उन्होंने जोर देकर कहा कि कांग्रेस और सपा के सामने यह ऐतिहासिक मौका है। दोनों पंथनिरपेक्ष दल मिलकर भारतीय जनता पार्टी और उसके सहयोगियों को हरा सकते हैं और देश को गलत हाथों में जाने से बचा सकते हैं। अखिलेश यादव का कहना था कि जन-अपेक्षाओं और जमीनी हकीकत को ध्यान में रखकर गंभीर बातचीत होनी चाहिए, ताकि गठबंधन के ज्यादातर उम्मीदवारों की जीत सुनिश्चित हो सके।
उन्होंने सीट बंटवारे के बजाय इसे ‘सीट समायोजन’ कहा। कठिन समीकरण वाली सीटों पर दोनों दल कम से कम दो संभावित उम्मीदवारों पर विचार करें और जिसमें जीत की ज्यादा संभावना हो, उसे मिलकर मैदान में उतारें। अखिलेश यादव ने साफ किया कि गठबंधन में एक-दूसरे पर उम्मीदवार थोपने की बजाय आपसी सहमति से प्रत्याशी तय किए जाने चाहिए, तभी दोनों दलों के वोट एक-दूसरे को ट्रांसफर हो सकेंगे। उन्होंने कहा कि सरकार बनाने के बड़े लक्ष्य को देखते हुए दोनों दलों को कुछ लोगों को समायोजित करना पड़ सकता है। कुछ संभावित उम्मीदवारों को उनकी मनचाही सीट नहीं मिलने या टिकट में बदलाव होने की स्थिति को भी समझना होगा। हर सीट महत्वपूर्ण है और अगर किसी को टिकट नहीं मिलता तो भी निराश नहीं होना चाहिए, क्योंकि मकसद सरकार बनाना है।

अखिलेश यादव ने लोकसभा चुनाव में कांग्रेस संगठन द्वारा पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) के साथ किए गए सहयोग की तारीफ भी की। उनका कहना था कि इसी एकजुटता ने भाजपा को हराने में अहम भूमिका निभाई थी। उन्होंने दावा किया कि जमीनी सर्वेक्षणों से साफ है कि उत्तर प्रदेश के हर शहर, मोहल्ले, गली और गांव तक यह संदेश पहुंच चुका है कि जो पीड़ित है, वही पीडीए है। उन्होंने कहा कि भाजपा के खिलाफ पीड़ित, दुखी और अपमानित वर्ग लामबंद हो रहे हैं और उन्हें विश्वास है कि पीडीए ही एनडीए को हराएगा। सपा प्रमुख ने कहा कि सबसे सकारात्मक परिणाम तब मिलेगा जब गठबंधन के उम्मीदवारों को ‘पीडीए प्रत्याशी’ के रूप में पेश किया जाएगा। उन्होंने कहा कि किसान, मजदूर, युवा, मध्यम वर्ग, महिलाएं, व्यापारी, अधिकारी, कर्मचारी और प्रगतिशील तथा पंथनिरपेक्ष समाज गठबंधन की ओर उम्मीद से देख रहा है।

इस पोस्ट के तुरंत बाद सपा ने अगले साल के चुनावों के लिए अपने उम्मीदवारों की पहली लिस्ट जारी कर दी। पहली लिस्ट में सहारनपुर, शामली, अमरोहा और ललितपुर की सीटों के उम्मीदवारों के नाम शामिल थे। इसमें चार मुस्लिम और एक गैर-यादव ओबीसी उम्मीदवार हैं। नाम इस प्रकार हैं..

0Shares

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.