September 2, 2026

यूपी में सौ साल में दूसरी बार अगस्त में सबसे ज्यादा बारिश, सितंबर के लिए क्या आसार?

बीते अगस्त माह में हुई बारिश ने बीते दशकों ही नहीं शताब्दी का नया रिकॉर्ड बना दिया। अमौसी स्थित मौसम विभाग के यूपी-उत्तराखंड मुख्यालय के अनुसार अगस्त के दौरान प्रदेश में 235.5 मिमी के दीर्घकालिक औसत के मुकाबले 24 प्रतिशत अधिक, कुल 291.3 मिमी वर्षा दर्ज की गई। यह 21वीं सदी (वर्ष 2001 से 2100) में 2018 (293.1 मिमी) के बाद अगस्त माह की दूसरी सर्वाधिक बारिश है।

मौसम विभाग से जारी आंकड़ों के अनुसार प्रयागराज (631.6 मिमी) और बांदा (646 मिमी) में वर्ष 1901 में प्रेक्षण रिकॉर्ड शुरू होने के बाद से इस साल अगस्त महीने की अब तक की सबसे अधिक बारिश दर्ज की गई है। एक जून से एक सितंबर के पूरे मानसूनी सीजन की बात करें तो प्रदेश में अब तक 571.6 मिमी बारिश हुई है, जो सामान्य (600.2 मिमी) से मात्र 5 प्रतिशत कम है। इसमें पश्चिमी यूपी में सामान्य से 3 प्रतिशत अधिक और पूर्वी यूपी में 10 प्रतिशत कम बारिश दर्ज की गई है।

मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक प्रशांत महासागर में बने ‘अल-नीनो’ के प्रभाव से सितंबर में पश्चिमी यूपी में सामान्य से कम बारिश के आसार हैं, जबकि हिंद महासागरीय द्विध्रुव (आईओडी) के धनात्मक होने से दक्षिण-पूर्वी यूपी में सामान्य से अधिक बारिश हो सकती है। वहीं, अमेठी, बस्ती, गाजीपुर, जौनपुर, मथुरा, सहारनपुर, सीतापुर सहित 20 जिले ऐसे रहे जहां सामान्य से कम वर्षा हुई। छह जिले जिनमें भदोही, देवरिया, कानपुर देहात, कुशीनगर, गाजियाबाद, शामली हैं, वहां अत्यधिक कम वर्षा दर्ज की गई।

अत्यधिक बारिश- (60% या अधिक): चित्रकूट, महोबा, मेरठ, मुजफ्फरनगर, संभल

सामान्य से अधिक (20% से 59%): बांदा, कन्नौज, कानपुर नगर, प्रतापगढ़, प्रयागराज, बिजनौर, एटा, फिरोजाबाद, हमीरपुर

सामान्य बारिश (19% से -19%): लखनऊ, वाराणसी, अयोध्या, आगरा, मुरादाबाद, बरेली, गोरखपुर

सामान्य से कम (-20% से -59%): अमेठी, बस्ती, गाजीपुर, जौनपुर, मथुरा, सहारनपुर, सीतापुर

अत्यधिक कम बारिश (-60% से -99%): भदोही, देवरिया, कानपुर देहात, कुशीनगर, गाजियाबाद, शामली

– यूपी-उत्तराखंड मौसम मुख्यालय के अनुसार वर्ष 2018 (293.1 मिमी) के बाद 21वीं सदी में इस बार (291.3 मिमी) सर्वाधिक वर्षा दर्ज की गई है

– प्रयागराज (631.6 मिमी) और बांदा (646 मिमी) में मौसम विभाग के 125 साल के प्रेक्षण इतिहास (1901 से अब तक) में अगस्त माह की सबसे अधिक वर्षा

-1 जून से 1 सितंबर तक प्रदेश में कुल 571.6 मिमी बारिश हुई है, जो सामान्य से 5% कम है। वेस्ट यूपी में सामान्य से 3% अधिक और पूर्वी यूपी में सामान्य से 10% कम पानी बरसा

0Shares

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.