October 30, 2026

रामनगरी के सभी जातीय मंदिरों के महंत बनेंगे अयोध्या दीपोत्सव के मुख्य अतिथि, लिस्ट हो गई तैयार

दीपोत्सव के दसवें संस्करण में भी इस बार रामनगरी के सभी जातीय मंदिरों के महंतों व प्रभारियों को सम्मिलित किया जाएगा।

इन्हें भी अयोध्या के अन्य मठ-मंदिरों के महंतों की भांति विधिवत अक्षत, मिष्ठान्न व आमंत्रण पत्र देकर दीपोत्सव का आमंत्रण भेजा जाएगा। तीन कलश तिवारी मंदिर के महंत व महापौर गिरीशपति त्रिपाठी के निर्देशन में इनकी सूची तैयार की जा रही है। पिछले दीपोत्सव में भी इन मंदिरों के महंतों को आमंत्रित किया गया था।

रामनगरी में वर्ष 2017 से आयोजित हो रहे दिव्य दीपोत्सव में रामनगरी के विभिन्न मठ-मंदिरों के महंतों और प्रमुख साधु-संतों को प्रदेश सरकार के निर्देश पर जिला प्रशासन की ओर से आमंत्रण भेजा जाता रहा है।

यद्यपि दीपोत्सव में इनकी सहभागिता अवश्य रहती थी, लेकिन इन्हें विधिवत आमंत्रण नहीं प्रेषित किया जाता था। इससे इन महंतों में रोष था। वर्ष 2024 के दीपोत्सव में कारसेवकपुरम में हुई बैठक में इन्हें भी अतिथि के रूप में आमंत्रित करने की सहमति बनी, तो सभी तीन दर्जन मंदिरों के महंतों को आमंत्रित किया जाने लगा।

तत्समय महापौर महंत गिरीशपति त्रिपाठी ने जातीय मंदिरों के महंतों की मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात कराई थी।

अयोध्या की चारों दिशाओं में लगभग 36 जातीय मंदिर स्थित हैं, जिनमें कुर्मी, धोबी, पटवा, कलवार, कसेरा, हलवाई (मोदनवाल), विश्वकर्मा, पासी, सोनार, यादव, निषाद, मुराव, खटिक, लकड़हारा, कसौंधन, बरई, भुज, राजभर, मद्देशिया, कुशवाहा, पटेल, दांगी मंदिर, संत रविदास मंदिर, गहोई, साहू सहित अन्य हैं।

0Shares

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.