October 28, 2026

कोई हो-हल्ला या जुलूस नहीं, केवल…, एमएलसी चुनाव में मिली सफलता से अखिलेश यादव गदगद

यूपी एमएलसी चुनाव में मिली शानदार जीत से समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव गदगद नजर आ रहे हैं। उन्होंने अपने जीते प्रत्याशियों को कोई हो-हल्ला नहीं करने और जुलूस नहीं निकालने की सलाह देते हुए सोशल मीडिया पर ही जश्न मनाने की नसीहत दी है। इसका कारण भी बताया है। यूपी एमएलसी चुनाव में समाजवादी पार्टी ने 11 में से तीन सीटें जीत ली हैं और दो पर आगे चल रही है। दूसरी तरफ भाजपा ने पांच सीटें जीती हैं और एक पर आगे चल रही है। अगर दोनों की बढ़त बरकरार रही तो भाजपा छह और सपा पांच सीटें जीत लेगी।

भाजपा से एक सीट कम होने के बाद भी सपा के खुश होने का कारण भी है। पिछली बार भाजपा ने छह, सपा ने तीन और दो सीटें निर्दल प्रत्याशियों ने जीती थी। एक निर्दल बाद में भाजपा में शामिल हो गया था। ऐसे में निर्दल को मिलाकर भाजपा के पास सात सीटें थीं लेकिन वह छह ही जीत रही है। यानी उसे एक सीट का नुकसान हो रहा है। जबकि सपा तीन की जगह इस बार पांच सीटें जीत रही है। ऐसे में भाजपा के नुकसान में भी सपा को बड़ा फायदा दिखाई दे रहा है। खास यह भी है कि भाजपा एक बार फिर पीएम मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी की दोनों सीटों पर हार रही है। लखनऊ तक की स्नातक सीट सपा इस बार भाजपा से छीन रही है।

अखिलेश ने गिनती खत्म होने से पहले ही अपने नेताओं और कार्यकर्ताओं को इस जीत की बधाई दी है। सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर अखिलेश ने लिखा कि आपको और आपके साथियों को जीत की बहुत-बहुत बधाई, लेकिन ध्यान रहे, हमें शांति से इसे सोशल मीडिया के ज़रिए लोगों तक पहुंचाना है। कोई हो-हल्ला या जुलूस नहीं, जिससे भाजपाई हमारे बीच घुसकर माहौल को बिगाड़ न पाएं और हम पर हुड़दंग करने का आरोप न लगा पाएं।

अखिलेश ने कहा कि हमें हर तरह के षड्यंत्र और झूठे आरोपों से बचना है, क्योंकि सामने विधानसभा चुनाव है। भाजपा गुंडागर्दी की साज़िश करके कभी भी हमारी छवि बिगाड़ सकती है। आगे यह भी कहा कि हम आप सबका अभिनंदन स्वयं करेंगे, हो सका तो आपके क्षेत्र में आकर करेंगे।

इसके साथ ही कहा कि इस बीच आप सभी जीते हुए एमएलसी, उन लोगों की लिस्ट बना लीजिए, जिन्होंने इस जीत में आपका समर्थन-सहयोग करके आपको जिताया है। हम ऐसे सभी कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों और शुभचिंतकों का भी सम्मान करेंगे।

0Shares

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.