हमारे और योगी जी के बीच में कोई दीवार नहीं है, मुख्यमंत्री वाले बयान पर केशव प्रसाद मौर्य की सफाई

मुख्यमंत्री बनने के सवाल पर डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि ये संगठन नेतृत्व तय करेगा। हमारे और योगी जी के बीच में कोई दीवार नहीं है। लोगों ने कोशिश की दीवार खड़ी करने की लेकिन हम मिलकर काम कर रहे हैं। केशव प्रसाद ने कहा कि पार्टी जो काम देगी वो जिम्मेदारी से करूंगा। जब तक कुछ नया तय नहीं होता तब तक जो चेहरा था, जो है, वही रहेगा। उन्हीं के नेतृत्व में 2027 का चुनाव लड़ेंगे।
केशव प्रसाद ने इस दौरान सपा प्रमुख पर भी हमला बोला। उन्होंने कहा कि अखिलेश का सत्ता में आना यानि यूपी में तबाही को निमंत्रण देना। चुनाव लड़ने के सवाल पर केशव बोले कि चुनाव तो लड़ूंगा ही। संगठन जहां से तय करेगा वहां से चुनाव लड़ूंगा। किस सीट से लड़ेंगे, इस पर केशव प्रसाद बोले कि अभी तो मैं अपने को 403 सीटों का प्रत्याशी मानता हूं।
डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने प्रयागराज सर्किट हाउस में पार्टी कार्यकर्ताओं व महानगर के सभी 15 मंडल अध्यक्षों के साथ बैठक में कहा कि 2027 के लिए पार्टी कार्यकर्ता पूरी मेहनत और लगन के साथ बूथ स्तर पर सक्रिय हो जाएं। विपक्ष के मंसूबों को कामयाब न होने दें। मुद्दा विहीन विपक्ष के पास जनता को भ्रमित करने के अलावा कोई विषय नहीं है। कहा कि 17 सितंबर को भगवान विश्वकर्मा की जयंती है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जन्मदिन भी है। उस दिन से सेवा पखवाड़ा का अभियान शुरू किया जाएगा। बैठक में काशी क्षेत्र उपाध्यक्ष अवधेश चंद्र गुप्ता, महानगर अध्यक्ष संजय गुप्ता, यमुनापार अध्यक्ष राजेश शुक्ल, गंगापार अध्यक्ष निर्मला पासवान, डॉ. वीके सिंह, एमएलसी सुरेंद्र चौधरी, डॉ. केपी श्रीवास्तव, विधायक गुरु प्रसाद मौर्य, रणजीत सिंह, विक्रमजीत सिंह भदौरिया, डॉ. शैलेश पांडेय, रमेश पासी, विजय श्रीवास्तव, पवन श्रीवास्तव, विवेक मिश्रा, सुजीत कुशवाहा आदि उपस्थित रहे।
