August 6, 2026

यूपी के होमगार्ड जवानों के लिए सीएम योगी का ऐलान, आयुष्मान की तर्ज पर मिलेगा कैशलेस इलाज

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि प्रदेश के होमगार्ड जवानों को आयुष्मान भारत की तर्ज पर कैशलेस इलाज की सुविधा मिलेगी। उन्होंने होमगार्ड विभाग से कहा कि इसका प्रस्ताव बनाकर भेजें। सरकार इसे लागू करेगी। मुख्यमंत्री ने ये घोषणा शनिवार को होमगार्ड विभाग के 63 वें स्थापना दिवस पर की है। उन्होंने आलमाग स्थित होमगार्ड मुख्यालय के मैदान में आयोजित रैतिक परेड का मान प्रमाण स्वीकार किया। सीएम ने खुली जीप में सवार होकर परेड का निरीक्षण किया।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने स्वतंत्रता दिवस के मौके पर राष्ट्रपति के विशिष्ट और सराहनीय पदक विजेता रहे होमगार्ड विभाग के अधिकारियों और जवानों को पदक देकर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि होमगार्ड के जवानों ने सभी क्षेत्रों में अपनी पहचान बनायी है। महाकुंभ से लेकर चुनावों में ड्यूटी से लेकर यातायात, थाना के साथ हर केन्द्र और प्रदेश के विभागों में सेवाएं दे रहे हैं।

परेड कमाण्डर ने मुख्यमंत्री को सलामी दी। परेड में 12 प्लाटून शामिल हुईं। इसमें तीन प्लाटून इंसास राइफल, चार प्लाटून पुरुष, तीन प्लाटून महिला, यातायात और फायर फाइंटिंग की एक-एक प्लाटून शामिल की गईं। परेड में बाइक पर सवार थंडर बोल्ट दस्ता और बैंड ने प्रतिभाग किया। दस्ते में 21 बाइकों पर 34 पुरुष और महिला जवान बाइक राइडर के साथ जवानों ने प्रदर्शन किया। इस मौके पर जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह, होमगार्ड मंत्री धर्मवीर प्रजापति, मुख्यमंत्री सलाहकार अवनीश अवस्थी समेत विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।

विभागीय मंत्री धर्मवीर प्रजापति ने कहा कि जवानों ने नए-नए आयाम तय करते हुए अनेक कीर्तिमान स्थापित किए हैं। जवानों के भत्ता ड्यूटी, एरियर का भुगतान ऑनलाइन व्यवस्था से पारदर्शी हुआ है। जवानों का पुलिस बल के साथ सहयोगी बल की भूमिका में महत्वपूर्ण योगदान है। पुलिस विभाग दो पहिया और चार पहिया वाहनों और डॉयल 112 के अधिकांश वाहनों में होमगार्ड्स के जवान चालक की सेवा दे रहे हैं।

0Shares

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.