यूपी में भगवती मेले में मुस्लिम दुकानदारों को दुकानें हटाने की चेतावनी, कहा- दो घंटे में करें खाली
यूपी के सहारनपुर में गंगोह स्थित रामबाग परिसर स्थित प्राचीन मां भगवती मेले में मुस्लिम दुकानदारों को दुकानें हटाने की चेतावनी देने का मामला सामने आया है। गांव बीराखेड़ी निवासी हिंदू सुरक्षा सेवा संघ के जिला अध्यक्ष रोहित प्रधान के दो वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा में है। वीडियो में वह मुस्लिम दुकानदारों को दो घंटे के भीतर दुकानें हटाकर मेला छोड़ने की चेतावनी देते नजर आ रहे हैं। वहीं, मेला समिति ने दुकानदारों को भरोसा दिलाया है कि उन्हें घबराने की जरूरत नहीं है।
सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो में रोहित प्रधान मेले को हिंदुओं का मेला बताते हुए मुस्लिम दुकानदारों को दुकानें हटाने की चेतावनी देते दिखाई दे रहे हैं। दूसरे वीडियो में उन्होंने अगले दिन सुबह 10 बजे बालाजी धाम में सनातनियों से एकत्र होने का आह्वान किया है। श्री भगवती मेला समिति के सचिव संदीप तायल ने कहा कि मुस्लिम दुकानदारों को घबराने की जरूरत नहीं है। मेले में कई दशकों से हिंदू और मुस्लिम समुदाय के दुकानदार दुकानें लगाते आ रहे हैं। समिति सभी दुकानदारों के साथ खड़ी है। किसी भी अप्रिय स्थिति में पुलिस-प्रशासन को सूचना दी जाएगी।
प्रशासन का कहना है कि दुकानदार अपनी दुकान लगा सकते हैं। इस तरह की चेतावनी के कारण दुकानें नहीं हटाईजाएंगी। किसी भी तरह सांप्रदायिक तनाव फैलाने और माहौल खराब करने नहीं दिया जाएगा। दशकों से दुकानें लगती आ रही हैं। ऐसे में अब दुकानों को नहीं हटाया जाएगा। वीडियो का संज्ञान लिया गया है। मामले में सुरक्षा का ध्यान रखा जा रहा है।
