यूपी के फतेहपुर से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। जहां प्रेमिका से मिलने आए इटावा के एक प्रेमी की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई। मंगलवार सुबह उसका शव हरसिंहपुर रोड के किनारे पड़ा मिला। ग्रामीणों की सूचना पर मौका-ए-वारदात पर पहुंची पुलिस ने जांच-पड़ताल के बाद शव को कब्जे में ले लिया। जांच में पता चला कि युवक अपनी प्रेमिका से मिलने आया था। युवती के रिश्तेदारों ने उसे मारा है। पुलिस ने दो लोगों को हिरासत में लिया। सूत्रों के मुताबिक, दोनों ने वारदात कबूल कर ली है।
इटावा जिले के तानपुरा क्षेत्र के चौबिया निवासी 27 वर्षीय सौरभ यादव की मुलाकात कुछ दिन पहले इटावा में ही नौकरी कर रहे फतेहपुर जिले के हरसिंहपुर गांव निवासी एक युवक से हुई। सौरभ का युवक के कमरे पर आना-जाना था। इस दौरान उसकी मुलाकात युवक की साली से हुई। दोनों के बीच प्रेम-प्रसंग हो गया। युवती के जीजा समेत परिजनों को इस बात की जानकारी हुई तो विरोध किया और युवती को गांव भेज दिया। सौरभ युवती से मिलने उसके गांव पहुंच गया। इसका पता लगते ही युवक ने साली को अपने गांव हरसिंहपुर भिजवा दिया।
सौरभ सोमवार को हरसिंहपुर भी पहुंच गया। युवक की पत्नी ने फोन कर इसकी सूचना दी। युवक ने यह बात अपने ससुर को बताई। ससुर-दामाद अपने साथियों के गांव पहुंचे और सौरभ की पिटाई कर उसे भगा दिया। शाम को फिर सौरभ दिखा तो उसे पकड़कर गांव के बाहर ले गए और धारदार हथियार से हमला कर मौत के घाट उतार दिया और शव को गांव किनारे रोड के पास फेंक दिया। मंगलवार सुबह ग्रामीणों ने शव पड़ा देखा तो पुलिस को सूचना दी। सीओ सिटी गौरव शर्मा ने बताया कि दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। जल्द ही मामला दर्ज कर खुलासा किया जाएगा।
प्रेम प्रसंग के विरोध में इटावा के सौरभ यादव का बेरहमी से कत्ल हो गया। सौरभ युवती को साथ ले जाने की जिद पर अड़ा था। जिसके बाद युवती के पिता ने अपने दामाद और अन्य साथियों के साथ मिलकर सौरभ की धारदार हथियार से वार कर हत्या की थी। हरसिंहपुर गांव में रोड किनारे मंगलवार सुबह सौरभ का शव पड़ा था। उसके चेहरे और सिर में धारदार हथियार से कई वार किए गए थे। ग्रामीणों ने बताया कि सौरभ सोमवार को हरसिंहपुर गांव आया था। युवती के घर पहुंचने पर बवाल हुआ था। युवती के जीजा, पिता और अन्य परिजनों ने सौरभ के साथ मारपीट की। उसको वापस इटावा जाने की बात कह रहे थें। लेकिन वह युवती को साथ ले जाने की जिद पर अड़ा था। इसी बात पर विवाद हत्या तक पहुंच गया।
मलवा थाने की कुंअरपुर पुलिस चौकी घटनास्थल से मात्र दो सौ मीटर की दूरी पर है। ग्रामीण बताते हैं कि सोमवार को पूरा दिन गांव में ड्रामा चलता रहा। हंगामा, मारपीट होती रही लेकिन पुलिस को भनक नहीं लगीं। ग्रामीणों में चर्चा रही कि यदि समय रहते मलवा पुलिस कार्रवाई करती तो हत्या की वारदात रोकी जा सकती थी।

