स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद विवाद पर सपा के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव ने शनिवार को यूपी सरकार पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि भाजपा ने माघ मेले में शंकराचार्य का अपमान किया है। यह गंगा मैया का भी अपमान है। दरअसल, हिंदू विद्यालय के वार्षिक उत्सव कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने के बाद शिवपाल यादव ने मीडिया से बात की।
अखिलेश यादव के चाचा शिवपाल यादव ने संगम में माघ मेले के दौरान शंकराचार्य से जुड़े विवाद को लेकर सरकार की नीतियों को गलत बताया। उन्होंने कहा कि मौजूदा सरकार किसी का सम्मान करना नहीं जानती। केवल झूठी गिनती गिनाने का काम कर रही है। देश में चार शंकराचार्य में से एक का अपमान किया गया है, उनके नहाने तक की व्यवस्था ये सरकार नहीं कर पाई। इस सरकार ने दस साल में कोई काम नहीं किया है, राज्य मे कानून व्यवस्था नाम की कोई चीज नहीं है, हर तरफ भ्रष्टाचार का बोलबाला है।
उन्होंने कहा कि शंकराचार्य अपमान मुद्दे पर मुख्यमंत्री कुछ कहते हैं उपमुख्यमंत्री कुछ कहते हैं, दोनों के अलग-अलग बयान इस और इशारा कर रहे हैं कि वह सब के सब झूठे हैं। पंचायत चुनाव टाले जाने से जुड़े हुए सवाल पर शिवपाल सिंह यादव ने कहा कि पंचायत के चुनाव निर्धारित समय पर होने चाहिए यही वास्तव में व्यवस्था होती है इसलिए व्यवस्था के अनुसार ही पंचायत के चुनाव होने चाहिए।
शिवपाल सिंह यादव ने मंत्री अनिल राजभर के ओमप्रकाश राजभर पर दिए गए चोर वाले बयान पर बिना नाम लिए टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि ऊपर से लेकर नीचे तक वही लोग हैं जो इस तरह की बातें बोल रहे हैं। शंकराचार्य विवाद पर मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री के बयानों को लेकर उन्होंने कहा कि यह सभी बयान झूठे हैं। पंचायत चुनाव को टालने के सवाल पर शिवपाल सिंह यादव ने साफ कहा कि चुनाव समय से होने चाहिए। उन्होंने कहा कि चुनाव टालना लोकतंत्र का अपमान है।

