August 6, 2026

चारधाम में थूक और व्यापार जिहाद; हैदराबाद विधायक टी राजा बोले- सिर्फ सनातनी करे कारोबार

 उत्तराखंड में चारधाम यात्रा पीक पर है। 19 अप्रैल को गंगोत्री और यमुनोत्री के बाद आज केदारनाथ धाम के कपाट खुल चुके हैं। 23 अप्रैल को बदरीनाथ धाम के कपाट खोले जाएंगे। हैदराबाद विधायक टी राजा सिंह ने भी चारधाम यात्रा शुरू कर ली है। इससे पहले देहरादून में उन्होंने कहा कि चारों धाम की पवित्रता को बनाए रखने के लिए इन धामों में व्यापार करने के लिए सिर्फ सनातनी को ही अनुमति दी जानी चाहिए। जिससे कि धामों में थूक जिहाद और व्यापार जिहाद की घटनाएं न हों।

हैदराबाद के गोशामहल से विधायक टी राजा ने यह बात जौनसार बावर के प्रवेश द्वार हरिपुर स्थित यमुना हरिघाट से चारधाम यात्रा की शुरुआत के दौरान कही। उन्होंने हरिपुर में यमुना पर हरिघाट के निर्माण के लिए उत्तराखंड सरकार की प्रशंसा करते हुए कहा कि इससे हरिपुर कस्बे को उसका पुराना वैभव मिलेगा। विधायक ने कहा कि हरिद्वार और चारधाम में गैर-हिंदुओं को प्रतिबंधित करना उत्तराखंड सरकार का सराहनीय कदम है।

उन्होंने कहा कि कालसी के हरिपुर को हरिद्वार की तर्ज पर विकसित किया जाए। मान्यता है कि पूर्व में चार धाम यात्रा की शुरुआत हरिपुर के यमुना घाट से ही होती थी, जो किसी कालखंड में बंद हो गई थी। लेकिन अब घाट के बनने से यह दोबारा शुरू हो सकती है जिससे यहां के विकास के साथ ही स्थानीय लोगों को रोजगार भी मिलेगा।

चारधाम यात्रा के दौरान पर्वतीय क्षेत्रों के लोगों को आवाजाही में होने वाली दिक्कतों को देखते हुए परिवहन विभाग ने सख्त रुख अपनाया है। आरटीओ प्रशासन ने रोटेशन से जुड़ी बस कंपनियों को निर्देश दिए हैं कि वे अपने बेड़े की 40 फीसदी बसों का संचालन लोकल रूटों पर करें। चारधाम यात्रा के पीक सीजन में बस कंपनियां अधिकांश बसें यात्रा रूटों पर लगा देती हैं, जिससे ग्रामीण रूटों पर परिवहन सेवा ठप हो जाती है। आरटीओ प्रशासन संदीप सैनी ने बताया कि रोटेशन से जुड़ी सभी बस कंपनियों को निर्देशित किया गया है कि गांवों के रूटों पर समय पर बस सेवा मिले।

आरटीओ ने सैनी ने बताया कि यदि यात्रा के दौरान तीर्थयात्रियों की संख्या बढ़ने पर बसों की कमी महसूस होती है, तो कुमाऊं मंडल से अतिरिक्त बसें मंगाई जाएंगी, ताकि यात्रा और स्थानीय रूटों के बीच संतुलन बना रहे।

चारधाम यात्रा के मद्देनजर चमोली पुलिस की ओर से बदरीनाथ धाम में सुरक्षा व्यवस्था को चाक चौबंद कर दिया गया है। सभी प्रवेश मार्गों, प्रमुख स्थलों और संवेदनशील क्षेत्रों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। साथ ही सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से सतत निगरानी रखी जा रही है तथा नियमित चेकिंग अभियान चलाए जा रहे हैं।

 

 

0Shares

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.