खाटू श्याम के दर्शनों के लिए जाने वाले हजारों श्रद्धालुओं के लिए राहत भरी खबर है। केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह सोमवार दिल्ली-रेवाड़ी-रींगस रूट पर एक नई ट्रेन सेवा को हरी झंडी दिखाएंगे। इस नई ट्रेन के शुरू होने से रेवाड़ी, पटौदी, गुड़गांव, नारनौल और अटेली क्षेत्र के श्रद्धालुओं को इसका फायदा मिलेगा।
खाटू श्याम जाने वाले भक्तों की तरफ से इस रूट पर नई ट्रेन चलाने की लंबे समय से मांग की जा रही थी, जिसे अब केंद्रीय मंत्री के विशेष प्रयासों के बाद रेलवे द्वारा पूरा किया जा रहा है। इस नई ट्रेन के शुरू होने से रेवाड़ी, पटौदी, गुड़गांव, नारनौल और अटेली क्षेत्र के श्रद्धालुओं को इसका फायदा मिलेगा।
रेलवे से प्राप्त आधिकारिक जानकारी के अनुसार, वर्तमान में ट्रेन संख्या 74001/74004 दिल्ली और रेवाड़ी के बीच एक दैनिक सेवा के रूप में चल रही है। अब इसी ट्रेन का विस्तार रींगस तक कर दिया गया है। रूट बढ़ाए जाने के बाद निर्धारित दिनों में यह सेवा दिल्ली और रींगस के बीच नए ट्रेन नंबर 74041/74042 (दिल्ली-रींगस-दिल्ली द्वि-साप्ताहिक पैसेंजर) के रूप में दौड़ेगी। वर्तमान में रेवाड़ी से रींगस रूट पर करीब 24 ट्रेनों का संचालन सफलतापूर्वक किया जा रहा है।
नई ट्रेन सेवा शुरू होने से न केवल दिल्ली, गुड़गांव और रेवाड़ी के यात्रियों को लाभ होगा, बल्कि अटेली और नारनौल के रास्ते में आने वाले तमाम स्टेशनों के यात्रियों को भी रींगस तक सीधा जुड़ाव मिल जाएगा। खाटू श्याम जी जाने वाले श्रद्धालुओं को एक और विकल्प मिल सकेगा।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार यह नई पैसेंजर ट्रेन सप्ताह में दो दिन चलाई जाएगी। इसके तहत दिल्ली से यह ट्रेन प्रत्येक शनिवार और रविवार को रींगस के लिए रवाना होगी। वहीं, वापसी दिशा में रींगस से यह ट्रेन प्रत्येक रविवार और सोमवार को दिल्ली के लिए अपनी यात्रा शुरू करेगी। द्वि-साप्ताहिक होने के कारण वीकेंड पर खाटू श्याम जाने वाले कामकाजी लोगों और परिवारों को इससे सबसे ज्यादा फायदा पहुंचेगा।

