वैभव सूर्यवंशी विवाद पर टीम इंडिया के कोच बहुतुले ने तोड़ी चुप्पी, कहा- उसका स्वभाव बहुत ही…

India News Uttar Pradesh

 भारतीय टीम के स्पिन गेंदबाजी कोच साईराज बहुतुले ने श्रीलंका ए टीम के साथ श्रीलंका में हुए विवाद पर वैभव रघुवंशी का बचाव किया है। इकाना स्टेडियम में बुधवार को होने वाले दूसरे वनडे मुकाबले से पहले प्रेसवार्ता में बहुतुले ने कहा, मैं वैभव को बहुत अच्छी तरह से जानता हूं।

वह बेहद सरल और शांत लड़का है। हमें घटनाक्रम के बारे में तो पूरी जानकारी नहीं है, लेकिन मुझे लगता है कि निश्चित तौर पर वहां वैभव को किसी ने उकसाया होगा। हालांकि, यह एक दुर्भाग्यपूर्ण घटना थी। मुझे यकीन है कि टीम के अनुभवी कोच मौजूद हैं, जो उसे समझाएंगे।

श्रीलंकाई खिलाड़ियों को भी मैदान पर अच्छे व्यवहार की सीख देने की आवश्यकता है और यही बात हमारी टीम पर भी लागू होती है।

वैभव अभी बहुत युवा खिलाड़ी हैं। उन पर बड़ी जिम्मेदारी है और वह सीनियर भारतीय टीम से भी खेलने जा रहे हैं। ऐसे में उन्हें थोड़ा गंभीरता लानी होगी। वह धीरे-धीरे अनुभव से बेहतर होता जाएगा। वहीं, उन्होंने अपनी टीम को अफगानिस्तान को कतई हल्के में न लेने की हिदायत भी दी।

साईराज बहुतुले ने स्पष्ट किया कि निश्चित तौर पर हम इस मुकाबले को जीतकर सीरीज पर कब्जा जमाने के इरादे से उतरें, लेकिन अफगानिस्तान को हल्के में लेने की गलती नहीं कर सकते हैं, क्योंकि अफगान खिलाड़ियों ने कई बार बड़ी टीमों को चौंकाया है। इसलिए हमारे खिलाड़ी भी इस मैच में पूरी क्षमता के साथ उतरेंगे।

उन्होंने कहा, धर्मशाला और लखनऊ के मौसम में भी अंतर है। चंडीगढ़ और धर्मशाला के मौसम में भी बड़ा अंतर था। चंडीगढ़ में हमने बहुत गर्मी में टेस्ट मैच खेला और फिर हम धर्मशाला पहुंचे, लेकिन खिलाड़ियों को बदलते मौसम में खेलने की आदत होती है।

इसलिए इसका कोई बहुत फर्क नहीं पड़ेगा। रोहित शर्मा और श्रेयस अय्यर के पहले मैच में फ्लाप होने के सवाल पर बहुतुले ने कहा, धर्मशाला में रोहित शर्मा ने अच्छी शुरुआत की थी, लेकिन वह रनआउट हो गए और उसे खराब फार्म नहीं कहा जाएगा।

वह बड़े खिलाड़ी हैं और इस मैच में जोरदार वापसी के लिए तैयार हैं। श्रेयस भी अच्छी फार्म में हैं। दोनों बड़ी पारी खेलकर टीम को जीत दिलाएंगे।

अफगानिस्तान के कप्तान हशमतुल्लाह शाहिदी ने भारतीय टीम की तारीफ करते हुए कहा, निश्चित तौर पर मेजबान टीम बेहद मजबूत है। उनके पास बल्लेबाज व गेंदबाज दोनों ही शानदार हैं और ऐसी टीमों के खिलाफ एक छोटी गलती भी भारी पड़ सकती है।

ऐसे में हमें गेंदबाजी, बल्लेबाजी और फील्डिंग तीनों क्षेत्रों में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करना होगा। धर्मशाला में हमारी कमियों का भारत ने फायदा उठाया। गेंदबाजी में हमने शुरुआती विकेट तो झटके, लेकिन साझेदारी तोड़ने में विफल रहे। बल्लेबाजी के दौरान हमने लगातार विकेट गंवाए। ऐसी टीमों के खिलाफ आपको बड़ी साझेदारी की जरूरत होती है, जो हम नहीं निभा पाए।

हशमतुल्लाह शाहिदी ने कहा, इकाना की पिच शुरुआत में तेज गेंदबाजों को मदद करती है, लेकिन मध्य ओवरों में स्पिनरों का दबदबा रहता है। यदि हम बल्लेबाजी करते हैं तो शुरुआत में संभलकर खेलना होगा। उन्होंने कहा, इकाना स्टेडियम हमारे लिए दूसरे घर जैसा है।

हमारी टीम के अधिकतर खिलाड़ी यहां लंबा समय बिता चुके हैं। ऐसे में हम यहां के मौसम से अच्छी तरफ वाकिफ हैं। हालांकि, भारतीय टीम अपने घर में खेल रही है। लिहाजा, उसके पास यहां खेलने का अधिक अनुभव है।

 

0Shares

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *