मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बुधवार को काशी से प्रदेश के शिक्षा जगत और विद्यार्थियों के लिए बड़ी योजनाओं की शुरुआत करने जा रहे हैं। दीनदयाल हस्तकला संकुल बड़ालालपुर में आज सुबह लगभग 10 बजे से आयोजित कार्यक्रम में वह ‘मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना’ का शुभारंभ करेंगे। सुबह 10 बजे से शुरू होने वाले कार्यक्रम में सीएम योगी आदित्यनाथ उत्तर प्रदेश के लगभग 1.10 करोड़ विद्यार्थियों के अभिभावकों के बैंक खातों में डीबीटी के माध्यम से धनराशि हस्तांतरित करेंगे। 10 लाख शिक्षकों एवं संविदा कर्मियों की सामाजिक सुरक्षा के लिए एसबीआई के साथ एमओयू भी होगा।
प्रदेश के लगभग 1.10 करोड़ छात्र-छात्राओं को डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर योजना का लाभ मिलेगा। इसके तहत यूनीफॉर्म, जूता, मोजा, स्वेटर, स्कूल बैग और स्टेशनरी खरीदने के लिए प्रति छात्र ₹ 1200 की धनराशि सीधे अभिभावकों के बैंक खातों में ट्रांसफर की जाएगी। इससे वाराणसी जनपद के 154634 विद्यार्थी लाभान्वित होंगे।
डीएम सत्येंद्र कुमार ने बताया कि आयुष्मान भारत योजना की तर्ज पर शुरू हो रही योजना से प्रदेश के लगभग 12 लाख शिक्षकों और उनके परिवारों को ₹5 लाख तक की कैशलेस चिकित्सा सुविधा मिलेगी। इसमें नियमित शिक्षकों के साथ-साथ शिक्षामित्र, अनुदेशक, रसोइया और कस्तूरबा विद्यालयों के स्टाफ को भी शामिल किया गया है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बुधवार को मिर्जापुर को 16,527 करोड़ रुपये की परियोजनाओं की सौगात देंगे। मुख्यमंत्री सुबह 11:35 बजे विंध्याचल स्थित मोतीझील के पास बनाए गए हेलीपैड पर उतरेंगे। इसके बाद वे मां विंध्यवासिनी के दर्शन-पूजन करेंगे। फिर विंध्य कॉरिडोर परिसर में नवनिर्मित वीवीआईपी गेस्ट हाउस का लोकार्पण करेंगे। दोपहर 12:05 बजे से एक बजे तक अष्टभुजा गेस्ट हाउस में योगी मंडल के विकास कार्यों की समीक्षा करेंगे। समीक्षा के बाद मां विंध्यवासिनी विश्वविद्यालय भवन, 25 पुलों समेत 16,527 करोड़ रुपये की विभिन्न परियोजनाओं का लोकार्पण करेंगे। इसके बाद दोपहर 1:40 बजे चित्रकूट के लिए रवाना हो जाएंगे। मंगलवार को दिन भर प्रशासनिक अफसर तैयारियों में जुटे रहे।

