मासूम की पाती ने छुआ सीएम योगी का दिल, खेल के लिए स्पोर्ट्स फैसिलिटी सेंटर बनाने का रास्ता साफ

Breaking India News Uttar Pradesh

बिलारी (मुरादाबाद), संवाददाता। एक मासूम की तरफ से मुख्यमंत्री योगी को लिखी गई चिट्ठी ने ऐसा असर दिखाया कि हर कोई गदगद है। मुख्यमंत्री ने तत्काल फैसला लेते हुए केवल एक मासूम नहीं खेल प्रेमी हजारों बच्चों का दिल खुश कर दिया है। एक चिट्ठी ने बता दिया है कि जब सिस्टम और जिम्मेदार जनप्रतिनिधि किसी शहर की बुनियादी जरूरतों को नजरअंदाज कर देते हैं, तब एक मासूम की कलम भी पूरे प्रशासनिक अमले को हरकत में ला सकती है।

मुरादाबाद के बिलारी में कुछ ऐसा ही देखने को मिला। यहां के कक्षा-6 के एक छात्र ने बच्चों के खेलने के लिए एक अदद पार्क न होने का दर्द सीधे मुख्यमंत्री योगी के सामने रख दिया। मुख्यमंत्री कार्यालय पर छात्र का हस्तलिखित पत्र पहुंचते ही तुरंत संज्ञान लिया गया। डीएम से लेकर पालिका के ईओ तक हरकत में आए और अब नगर में मल्टीपर्पज स्पोर्ट्स फैसिलिटी सेंटर बनने का रास्ता पूरी तरह साफ हो गया है।

पूरा मामला नगर के मोहल्ला बाजार से जुड़ा है। यहां रहने वाले मोहम्मद जीशान पाशा का बेटा मोहम्मद ऐदान पाशा कक्षा-6 का छात्र है। गर्मियों की छुट्टियों के दौरान जब ऐदान को खेलने के लिए कोई जगह नहीं मिली, तो उसने सीधे मुख्यमंत्री को अपने हाथ से एक भावुक पत्र लिखा। मासूम के इस हस्तलिखित पत्र की गंभीरता को देखते हुए मुख्यमंत्री के उप-सचिव रामगोपाल सिंह ने तत्काल जिलाधिकारी मुरादाबाद को मामले की जांच व आवश्यक कार्रवाई का निर्देश दिया।

शासन के निर्देश पर अपर जिलाधिकारी संगीता गौतम और नगर पालिका की अधिशासी अधिकारी रजनी सिंह ने पूरे मामले की पड़ताल कराई। जांच के बाद एडीएम प्रशासन व ईओ ने छात्र ऐदान के परिवार को लिखित पत्र भेजकर आधिकारिक सूचना दी कि नगर में खेल मैदान व पार्क की व्यवस्था की जा रही है।

प्रशासनिक पत्राचार के बाद छात्र के परिजनों को अवगत कराया गया है कि वित्तीय वर्ष 2025-26 में ‘मुख्यमंत्री वैश्विक नगरोदय योजना’ के अंतर्गत वार्ड संख्या-25 स्थित जूनियर हाईस्कूल के खेल मैदान (गाटा संख्या-720) में ‘मल्टीपर्पज स्पोर्ट्स फैसिलिटीज सेंटर’ का निर्माण कार्य शासन स्तर से मंजूर कर लिया गया है। पालिका अधिकारियों के अनुसार, शासन से बजट की किस्त जारी होते ही नगर पालिका परिषद बिलारी द्वारा निर्माण कार्य शुरू करा दिया जाएगा।

बिलारी नगर पालिका परिषद की अधिशासी अधिकारी रजनी सिंह के अनुसार मुख्यमंत्री कार्यालय से संज्ञान लेने के बाद एडीएम प्रशासन की ओर से नगर पालिका से आख्या मांगी गई। पालिका ने अवगत कराया कि वार्ड संख्या-25 में गाटा संख्या-720 पर मुख्यमंत्री वैश्विक नगरोदय योजना के तहत मल्टीपर्पज स्पोर्ट्स फैसिलिटी सेंटर के निर्माण को शासन स्तर से पहले ही स्वीकृति मिल चुकी है। शासन से धनराशि प्राप्त होते ही निर्माण कार्य शुरू करा दिया जाएगा।

 

0Shares

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *