August 8, 2026

उत्तर प्रदेश सरकार की नई पहल,अब IAS-IPS अधिकारी स्कूलों में करेंगे छात्रों से संवाद,मिलेगा करियर का सटीक मार्गदर्शन

उत्तर प्रदेश सरकार ने छात्रों के भविष्य को संवारने के लिए एक बेहद अनूठी और अहम पहल की है। अब प्रदेश के विद्यार्थियों को पढ़ाई और करियर को लेकर भटकना नहीं पड़ेगा, क्योंकि राज्य के वरिष्ठ आईएएस (IAS), आईपीएस (IPS) और आईएफएस (IFS) अधिकारी खुद स्कूलों में जाकर छात्रों से सीधा संवाद करेंगे। इस उच्च स्तरीय संवाद के जरिए विद्यार्थियों को देश और राज्य की प्रतिष्ठित प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए बहुमूल्य मार्गदर्शन प्राप्त होगा।

इस योजना के तहत हर महीने प्रशासनिक अधिकारी छात्र-छात्राओं से रूबरू होंगे। चर्चा के दौरान मुख्य रूप से संघ लोक सेवा आयोग (UPSC), उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (UPPSC) और उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) की परीक्षाओं की तैयारी पर विशेष फोकस किया जाएगा। इसके अलावा इंजीनियरिंग और मेडिकल के छात्रों के लिए जेईई (JEE), नीट (NEET) और सीयूईटी (CUET) जैसी प्रवेश परीक्षाओं को लेकर भी विशेष सत्र आयोजित होंगे। सिर्फ सरकारी नौकरियों तक ही सीमित नहीं, बल्कि वरिष्ठ अधिकारी छात्रों को उच्च शिक्षा, रोजगार, आधुनिक उद्यमिता और स्टार्टअप के अवसरों के बारे में भी विस्तार से जानकारी देंगे।

व्यवस्था को सुचारू रूप से चलाने के लिए सभी जिलों के जिलाधिकारी (DM) अधिकारियों के विद्यालय भ्रमण का पूरा कार्यक्रम तैयार करेंगे। इस पूरी प्रक्रिया की पारदर्शिता और सफलता सुनिश्चित करने के लिए मंडलायुक्त समय-समय पर इन कार्यक्रमों की समीक्षा करेंगे। योजना के क्रियान्वयन की हर माह की 5 तारीख तक शासन को अनिवार्य रूप से रिपोर्ट भेजी जाएगी, ताकि इस पहल का जमीनी स्तर पर शत-प्रतिशत लाभ विद्यार्थियों तक पहुंच सके।

0Shares

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.