सीएम योगी ने मेरठ में कांवड़ियों पर बरसाए फूल, बोले- सावन की शिवरात्रि तक साढ़े चार करोड़ शिवभक्त करेंगे जलाभिषेक
मेरठ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को मेरठ के मोदीपुरम क्षेत्र में कांवड़ यात्रा में शामिल शिवभक्तों पर पुष्प वर्षा कर उनका भव्य स्वागत किया। दुल्हेड़ा पुलिस चौकी के पास बनाए गए विशेष मंच से सीएम ने ‘बोल बम’ और ‘हर-हर महादेव’ के जयकारों के बीच कांवड़ियों पर फूल बरसाए और देवाधिदेव महादेव से प्रदेश व देश में सुख, शांति, समृद्धि और सौहार्द की कामना की।
साढ़े चार करोड़ शिवभक्त करेंगे जलाभिषेक
इस मौके पर ‘रामायण’ फेम अरुण गोविल, जो मेरठ से भाजपा सांसद भी हैं, और प्रदेश सरकार के मंत्री सोमेंद्र तोमर समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। सीएम योगी ने अपने संबोधन में कहा, सभी जनप्रतिनिधियों, सामाजिक और धार्मिक संगठनों का हृदय से धन्यवाद करता हूं, जिन्होंने पूरी श्रद्धा के साथ कांवड़ियों की सुविधाओं का ध्यान रखा है।
उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा अब अपने समापन की ओर बढ़ रही है और हरिद्वार से गंगाजल लेकर शिवभक्त तेजी से अपने गंतव्य की ओर बढ़ रहे हैं। सीएम ने अनुमान जताया कि सावन की शिवरात्रि तक गाजियाबाद से लेकर हरिद्वार के बीच करीब साढ़े चार करोड़ श्रद्धालु शिवालयों में जलाभिषेक करेंगे।
मुजफ्फरनगर के शिव चौक पर भारी भीड़
सीएम ने बताया कि मुजफ्फरनगर के शिव चौक पर इस समय भारी भीड़ है। उन्होंने मेरठ के प्रसिद्ध बाबा औघड़नाथ मंदिर, गाजियाबाद के बाबा दूधेश्वरनाथ मंदिर और बागपत के पुरा महादेव मंदिर का जिक्र करते हुए कहा कि दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान, पंजाब और हिमाचल प्रदेश से भी बड़ी संख्या में शिवभक्त इस यात्रा में शामिल हो रहे हैं।
उन्होंने प्रशासन की तैयारियों की तारीफ करते हुए कहा कि समाजसेवी संगठनों ने भी जगह-जगह शिविर लगाकर कांवड़ियों को सुविधाएं मुहैया कराई हैं। सीएम ने ऐलान किया कि आज, कल और शिवरात्रि के दिन भी पुष्प वर्षा जारी रहेगी और इसके लिए हेलीकॉप्टर की भी व्यवस्था की गई है।
