November 26, 2026

संविधान दिवस पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का कांग्रेस पर हमला, बोले- बाबा साहेब को नहीं दिया भारत रत्न

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने संविधान दिवस पर लोक भवन में आयोजित कार्यक्रम में कांग्रेस एवं सपा को निशाने पर लिया। उन्होंने राहुल गांधी का नाम लिए बिना कहा कि संविधान का गला घोंटने वाले आज लाल किताब लेकर जनता को गुमराह कर रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस ने बाबा साहेब को संसद जाने से रोकने का षडयंत्र किया। सपा सरकार ने कन्नौज मेडिकल कालेज से बाबा साहेब का नाम हटाया। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर डा. भीमराव आंबेडकर मूर्ति विकास योजना के तहत प्रदेश के 3955 मूर्ति स्थलों के सौंदर्यीकरण का शुभारंभ किया।

उन्होंने कहा कि यह बाबा साहेब, संत रविदास, संत कबीरदास एवं महर्षि वाल्मीकि जैसे महापुरुषों के योगदान एवं समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति के भावनाओं का सम्मान है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हमने कन्नौज मेडिकल कालेज का नाम फिर बहाल किया, वहीं उरई मेडिकल कालेज का नाम लोकमाता अहिल्याबाई होलकर के नाम पर रखा। महराज सुहेलदेव के सम्मान में बहराइच में स्मारक एवं उनके नाम पर मेडिकल कालेज, जबकि राजा महेंद्र सिंह के नाम पर अलीगढ़ में विश्वविद्यालय बनाने का उल्लेख किया।

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि संविधान की मूल प्रति में भगवान श्रीराम, भगवान श्रीकृष्ण, महात्मा बुद्ध और सम्राट अशोक समेत भारत की विरासत के चित्र हैं। संविधान सभा में 55 सदस्य यूपी के थे, जिसमें 11 महिलाएं हैं। सपा सरकार के कार्यकाल का जिक्र किया। सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पिछली सरकारों पर माफियाओं एवं अपराधियों को संरक्षण देने, पेपर लीक, नकल, नौकरी में वसूली एवं गरीबों को योजनाओं से वंचित रखने का आरोप लगाया।

उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि जब आजम खान ने बाबा साहेब को भूमाफिया कहा तो अखिलेश यादव वहीं खड़े होकर मुस्कुरा रहे थे। उन्होंने कांग्रेस के डीएनए को संविधान विरोधी बताया।

उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि कांग्रेस समेत कई दल बाबा साहेब का नाम लेकर राजनीति करते हैं, लेकिन उनके सिद्धांतों पर नहीं चलते। कांग्रेस ने सत्ता बचाने, वोट बैंक और तुष्टीकरण के लिए संविधान संशोधन किया।

वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश खन्ना ने कहा कि आपातकाल में कांग्रेस ने देश को जेलखाना बना दिया था। समाज कल्याण मंत्री असीम अरुण ने कहा कि सरकार ने बाबा साहेब समेत सभी महापुरुषों की प्रतिमाओं के संरक्षण की पहल की।

इससे पहले संविधान दिवस पर लघु फिल्म प्रदर्शित की गई। वाद विवाद प्रतियोगिता आयोजित की गई। एमएलसी महेंद्र सिंह, अनुसूचित जाति-जनजाति आयोग के अध्यक्ष बैजनाथ रावत, मुख्य सचिव एसपी गोयल, प्रमुख सचिव संसदीय कार्य जेपी सिंह एवं डीजीपी राजीव कृष्ण समेत अन्य उपस्थित रहे।

इससे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पहले संविधान दिवस पर लखनऊ में संविधान की उद्देशिका का पाठन व सौंदर्यीकरण कार्यों का शुभारंभ किया।

0Shares

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.