September 22, 2026

गृह मंत्री अमित शाह करेंगे एएनटीएफ प्रमुखों के सम्मेलन का उद्घाटन, 36 राज्यों व यूटी के प्रतिनिधि होंगे शामिल

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह मंगलवार को एंटी-नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) के प्रमुखों के तीसरे राष्ट्रीय सम्मेलन का उद्घाटन करेंगे।

इस सम्मेलन में मादक पदार्थों के नियंत्रण (2026-29) पर विजन डॉक्यूमेंट के तहत हुई प्रगति और देश में ड्रग्स की समस्या से निपटने के लिए की गई कोशिशों पर ध्यान केंद्रित किया जाएगा।

सरकारी बयान के अनुसार, संयुक्त संकल्प, साझा जिम्मेदारी की थीम पर आधारित इस दो दिवसीय सम्मेलन में 36 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के एएनटीएफ प्रमुखों के साथ-साथ संबंधित सरकारी विभागों के प्रतिनिधि और हितधारक भी शामिल होंगे।

बैठक में केंद्र सरकार के आपूर्ति घटाने, मांग घटाने और नुकसान कम करने के उपायों को मजबूत करने की रणनीतियों की पहचान करने एवं उन्हें अपनाने पर भी चर्चा की जाएगी।

सम्मेलन में शाह ड्रग्स के विरुद्ध जागरूकता फैलाने के लिए टीवी कमर्शियल भी जारी करेंगे और लखनऊ एवं देहरादून में नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) जोन के नए परिसरों की आधारशिला रखेंगे।

सम्मेलन के दौरान आठ तकनीकी सत्र आयोजित किए जाएंगे, जिनमें विजन डाक्यूमेंट के तहत संस्थागत तंत्र, ड्रग तस्करी नेटवर्क व कार्टेल को खत्म करना, मांग घटाना एवं पुनर्वास, प्रवर्तन की प्रभावशीलता, ड्रग्स प्रीकर्सर व सिंथेटिक ड्रग्स, अवैध खेती एवं वैकल्पिक फसलें और डार्कनेट व क्रिप्टोकरेंसी से जुड़ी जांच जैसे विषय शामिल होंगे।

सम्मेलन के दौरान राज्यों व केंद्र शासित प्रदेशों में सबसे अच्छा प्रदर्शन करने वाली एएनटीएफ को सम्मानित किया जाएगा और एनसीबी की नई वेबसाइट भी लांच की जाएगी।
0Shares

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.