August 6, 2026

₹51000 महंगा हुआ सोना, इस दिवाली सोने के दाम ने रच दिया है इतिहास, चेक रेट्स

दिवाली और शादी के मौसम में जहां लोग सोने की खरीदारी को शुभ मानते हैं, वहीं कीमतों में इस ऐतिहासिक बढ़ोतरी ने आम ग्राहकों की जेब पर भारी असर डाला है। दिवाली से पहले सोने के दामों में जबरदस्त उछाल देखने को मिला है। बीते एक साल में सोना लगभग ₹51,000 प्रति 10 ग्राम तक महंगा हो गया है। पिछले साल दिवाली के समय जहां सोने की कीमतें औसतन ₹79,820 प्रति 10 ग्राम के आसपास थीं, वहीं इस बार त्योहार से पहले यह बढ़कर ₹130350 प्रति 10 ग्राम के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया है। यह रेट ibjarates.com के मुताबिक है।

एनालिस्ट के अनुसार, अंतरराष्ट्रीय बाजार में बढ़ती मांग, डॉलर के मुकाबले रुपये की कमजोरी, और मध्य पूर्व में भू-राजनीतिक तनाव जैसे कारणों से सोने की कीमतों में लगातार तेजी देखी जा रही है। विश्लेषकों का मानना है कि मौजूदा वैश्विक परिस्थितियों को देखते हुए आने वाले महीनों में भी सोने में तेजी का रुख बना रह सकता है।

बता दें कि सोने की बढ़ती कीमतों के चलते अब ज्वेलरी बाजारों में खरीदारी का रुख भी बदला है। कई ग्राहक अब हल्के वजन के डिजाइन और छोटे गहनों की ओर रुख कर रहे हैं, जबकि निवेशक गोल्ड ईटीएफ और डिजिटल गोल्ड की ओर झुक रहे हैं।

राष्ट्रीय राजधानी में शनिवार को सोने की कीमतें रिकॉर्ड स्तर से नीचे गिरकर 2,400 रुपये की गिरावट के साथ 1,32,400 रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गयीं। हालांकि, दिवाली त्योहार की शुरुआत के साथ धनतेरस पर देशभर में आभूषण दुकानों पर खरीदारों की भारी भीड़ उमड़ी। अखिल भारतीय सर्राफा संघ के अनुसार, 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाली यह बहुमूल्य धातु शुक्रवार को 3,200 रुपये की तेजी के साथ 1,34,800 रुपये प्रति 10 ग्राम के सर्वकालिक उच्च स्तर पर पहुंच गई थी। स्थानीय सर्राफा बाजार में 99.5 प्रतिशत शुद्धता वाले सोने की कीमत में भी भारी गिरावट देखी गई और यह 2,400 रुपये की गिरावट के साथ 1,31,800 रुपये प्रति 10 ग्राम (सभी करों सहित) पर आ गया। पिछले सत्र में यह 1,34,200 रुपये प्रति 10 ग्राम के सर्वकालिक उच्च स्तर को छू गया था। पिछले साल 29 अक्टूबर 2024 को मनाए गए धनतेरस पर 24 कैरेट सोने की कीमत 81,400 रुपये प्रति 10 ग्राम थी, जो इस बार बढ़कर 1,32,400 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गई है। यानी एक साल में इसकी कीमत में 51,000 रुपये अथवा 62.65 प्रतिशत की जबरदस्त बढ़ोतरी दर्ज की गई है।” लगातार दूसरे दिन गिरावट जारी रखते हुए चांदी की कीमतें शनिवार को 7,000 रुपये गिरकर 1,70,000 रुपये प्रति किलोग्राम (सभी करों सहित) पर आ गईं। शुक्रवार को चांदी 1,77,000 रुपये प्रति किलोग्राम पर बंद हुई थी।
0Shares

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.